विज्ञापन

चप्पल में मोबाइल छिपाकर एग्जाम देने पहुंचा कैंडिडेट, अंडरगारमेंट्स में मिला पुराना पेपर और OMR शीट

सवाई माधोपुर में कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा देने पहुंचा अभ्यर्थी पुलिस रिमांड पर है. सख्त सुरक्षा-व्यवस्था के बावजूद आरोपी के पास से मोबाइल मिलने से सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस को इसमें कई अन्य लोगों के भी जुड़े होने का संदेह हैं, जिसका पता लगाया जा रहा है.

चप्पल में मोबाइल छिपाकर एग्जाम देने पहुंचा कैंडिडेट, अंडरगारमेंट्स में मिला पुराना पेपर और OMR शीट
आरोपी केदार प्रसाद मीणा पुलिस रिमांड पर है.

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में आयोजित कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. रविवार को जिला मुख्यालय पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रही परीक्षा में एक अभ्यर्थी ने हैरतअंगेज तरीके से नियमों को धता बताते हुए मोबाइल अंदर पहुंचा दिया. मामला मानटाउन थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन स्थित परीक्षा केंद्र का है, जहां पुलिस ने एक 'मुन्ना भाई' को गिरफ्तार किया. आरोपी केदार प्रसाद मीणा (31) रईथा कला थाना कुण्डेरा का रहने वाला है. अभ्यर्थी केदार मोबाइल फोन को चप्पल के सोल में छिपाकर परीक्षा केंद्र तक पहुंच गया. कड़ी जांच के बावजूद, वह परीक्षा केंद्र में प्रवेश लेने में कामयाब रहा. परीक्षा के दौरान उसने मोबाइल से प्रश्न पत्र की फोटो भी खींच ली.

आरोपी ने पेपर की तस्वीर किसे भेजी? 

पुलिस को यह भी शक है कि आरोपी ने ये तस्वीरें किसी अन्य परीक्षार्थी या बाहरी व्यक्ति को भेजी हो सकती हैं. इस एंगल से भी जांच की जा रही है. इसके अलावा, आरोपी ने अंडरगारमेंट्स में साल 2024 की कृषि पर्यवेक्षक परीक्षा का पेपर और ओएमआर शीट भी छुपाकर रखी हुई थी, जिसे जब्त कर लिया गया है.

सूचना मिली तो ADM और ASP पहुंचे 

लेकिन उसकी पैंतरेबाजी का खुलासा जल्द ही हो गया. जैसे ही इस घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को मिली, मौके पर हड़कंप मच गया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त जिला कलेक्टर समेत अन्य अधिकारी तुरंत परीक्षा केंद्र पहुंचे. जांच के दौरान आरोपी के पास से मोबाइल बरामद किया गया, जिसमें प्रश्न पत्र के पन्नों की तस्वीरें मिली हैं.

3 दिन की रिमांड पर आरोपी

पूरे मामले में मानटाउन थाना पुलिस ने केंद्र अधीक्षक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2022 की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया. इस घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल के नए-नए तरीकों को उजागर कर दिया. सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद नकल का मामला सामने आने के बाद प्रशासन के हाथ-पांव भी फूल गए. 

यह भी पढ़ेंः 'अभी तो शुरुआत है…असली तपिश बाकी है', कोटा में पारा 42 डिग्री, राजस्थान बॉर्डर भी गर्मी की चपेट में


 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close