Rajasthan News: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा एसआई भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द कर दोबारा कराने के फैसले ने एक नई बहस छेड़ दी है. सबसे बड़ा विवाद उन 66 अभ्यर्थियों को लेकर है जिन पर एसओजी (SOG) की जांच में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगे हैं. आयोग के अध्यक्ष यूआर साहू के उस बयान ने मेहनतकश युवाओं की चिंता बढ़ा दी है, जिसमें उन्होंने कहा कि इस भर्ती में जिन लोगों ने पहले गड़बड़ी की थी, एसओजी की जांच में यह आरोप लगा है, उनको परीक्षा में वापस बैठाने के लिए अलाउ करें या न करें.मुद्दे पर आरपीएससी में तय करने के बाद डिसाइड करेंगे.
दागियों को मौका देने पर उठे सवाल
इस अनिश्चितता के बीच उन हजारों अभ्यर्थियों में गहरी नाराजगी है, जिन्होंने बिना किसी विवाद के अपनी मेहनत से परीक्षा पास की और ट्रेनिंग तक पूरी कर ली थी. अभ्यर्थियों का तर्क है कि यदि धांधली के आरोपियों को फिर से परीक्षा में बैठने का अवसर मिला तो यह ईमानदारी से तैयारी करने वाले युवाओं के साथ सरासर अन्याय होगा. इससे पूरी चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर फिर से सवाल खड़े हो सकते हैं.
सितंबर 2026 में होगी परीक्षा
राज्य सरकार की हरी झंडी के बाद अब यह परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित की जाएगी. आयोग ने साफ कर दिया है कि इसमें केवल वही 3 लाख 83 हजार 97 अभ्यर्थी शामिल हो पाएंगे जिन्होंने पिछली बार दोनों पेपर दिए थे. किसी भी नए आवेदक को इसमें शामिल होने का मौका नहीं दिया जाएगा.
आवेदन संशोधन और जरूरी प्रक्रिया
अभ्यर्थियों के लिए 16 मई से 30 मई तक आवेदन में संशोधन की सुविधा दी गई है. इसमें मोबाइल नंबर और पता बदला जा सकेगा. हालांकि इसके लिए ओटीआर (OTR) केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है. साथ ही लाइव फोटो और बायोमेट्रिक सहमति भी देनी होगी. सचिव रामनिवास मेहता के अनुसार आयु और योग्यता की शर्तें 2021 के मूल आवेदन के अनुसार ही रहेंगी.
यह भी पढ़ें- राजस्थान: स्कूटी के बदले अब छात्राओं को खाते में मिलेगा इतना पैसा, मंत्री का ऐलान- बिचौलियों का खेल खत्म