Rajasthan News: राजस्थान में सीकर जिले के नीमकाथाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है. यहां राजस्थान पुलिस के जवान अशोक कुमार पोसवाल का बीमारी के चलते निधन हो गया. वे नीमकाथाना के जीलो गांव के निवासी थे और अपनी ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे.
अशोक कुमार पोसवाल नीमकाथाना कोर्ट में चालानी गार्ड के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे. उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया. जैसे ही यह खबर क्षेत्र में फैली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों के साथ गांव के लोगों और पुलिस विभाग के साथियों में गहरा दुख देखने को मिला.
सरल स्वभाव के थे अशोक पोसवाल
अशोक पोसवाल अपने शांत स्वभाव, अनुशासन और जिम्मेदारी के लिए पहचाने जाते थे. वे हमेशा अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी से निभाते थे. उनके निधन को पुलिस विभाग के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है.
गांव में उमड़ी भीड़, नम आंखों से दी विदाई
उनकी पार्थिव देह को पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव जीलो लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. गांव में हर तरफ शोक का माहौल था और लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी.
अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया. इस दौरान पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी. यह दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था.
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार में कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. विधायक सुरेश मोदी, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश मीणा, पुलिस उपाधीक्षक सुशील मान और भाजपा नेता प्रमोद बाजोर सहित कई लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
यह भी पढ़ें- Rajasthan: महिला को फोन पर परेशान करता था युवक, पति और नाबालिग के साथ मिलकर पानी के टांके में डुबाया