Rajasthan News: राजस्थान के भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट संख्या जी-1/682 में कल प्रशासन द्वारा सील की गई फैक्ट्री का आज एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है. यह वीडियो उस अवैध कारोबार की गवाही दे रहा है जो 'स्टील फैब्रिकेशन' और 'वाशिंग पाउडर' बनाने के लाइसेंस की आड़ में धड़ल्ले से चल रहा था.
बारूद के ढेर पर बचपन
सामने आए वीडियो में फैक्ट्री के भीतर की गतिविधियां साफ देखी जा सकती हैं. यहां न केवल महिलाएं, बल्कि छोटे-छोटे बच्चे भी पटाखों की पैकिंग और निर्माण कार्य में लगे हुए हैं. श्रम कानूनों और सुरक्षा मानकों की सरेआम धज्जियां उड़ाते हुए, इन बच्चों से बारूद जैसे ज्वलनशील पदार्थों के बीच काम कराया जा रहा था. बाहर से सामान्य दिखने वाली इस स्टील यूनिट के भीतर गुपचुप तरीके से 'पॉप-अप' पटाखों का निर्माण किया जा रहा था.
धमाके के बाद माल ठिकाने लगाने की कोशिश
खुशखेड़ा में सोमवार को हुए भीषण विस्फोट (जिसमें 7 मजदूरों की मौत हुई) के बाद इस फैक्ट्री का मालिक मोहित कात्यान सक्रिय हो गया. जैसे ही पास की फैक्ट्री में हादसा हुआ, यहां से माल को गुपचुप तरीके से बाहर ले जाने की कोशिश की गई. सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा. एडीएम सुमित्रा पारीक ने मालिक को फोन कर बुलाया, लेकिन उसके न आने पर पुलिस की मौजूदगी में ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया.
भारी मात्रा में बारूद बरामद, दो हिरासत में
प्रशासनिक टीम ने फैक्ट्री से भारी मात्रा में विस्फोटक और निर्मित पटाखों के कार्टन बरामद किए हैं. आईजी जयपुर रेंज राघवेंद्र सुहास ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. जांच में सामने आया है कि मालिक एक ही है, जिसने दो अलग-अलग जगहों पर काम बांट रखा था. एक जगह विस्फोटक का निर्माण हो रहा था और दूसरी जगह उसे गोदाम की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था. सुरक्षा की दृष्टि से फैक्ट्री की बिजली काट दी गई है और गैस सिलेंडरों को मौके से हटा दिया गया है.
रीको की कार्यप्रणाली पर सवाल
रीको के द्वितीय क्षेत्रीय प्रबंधक अखिल अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र में करीब 3100 फैक्ट्रियां हैं, लेकिन इस फैक्ट्री का उत्पादन संबंधी कोई वेरिफिकेशन नहीं हुआ था. यह फैक्ट्री 2024 में रजिस्टर्ड हुई थी. उधर, घटना के बाद कांग्रेस नेता इमरान खान कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए. उन्होंने तहसीलदार पर बदतमीजी का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की. प्रशासन ने अब फैक्ट्री के लाइसेंस को निरस्त करने और मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें:- भिवाड़ी अग्निकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, मैनेजर अभिनंदन और लीज होल्डर गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेशी