विज्ञापन

पचपदरा रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो को टीकाराम जूली ने बताया कांग्रेस का विजन, बीजेप पर श्रेय लेने का आरोप

जूली ने कहा सितंबर 2013 में कांग्रेस सरकार की 37,230 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई रिफाइनरी परियोजना को भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार ने राजनीतिक द्वेष के चलते ठंडे बस्ते में डाल दिया. देरी के कारण अब इसकी लागत बढ़कर करीब 80,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.

पचपदरा रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो को टीकाराम जूली ने बताया कांग्रेस का विजन, बीजेप पर श्रेय लेने का आरोप
टीकाराम जूली

Rajasthan News: राजस्थान के बालोतरा में बनी पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण 21 अप्रैल को होने वाला है. इसके लिए बीजेपी भव्य आयोजन करने जा रही है. वहीं इसका लोकार्पन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने जा रहे हैं. पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ ही जहां बीजेपी इसे गेम चेंजर बता रही है. मदन राठौड़ ने रिफाइनरी प्रोजेक्ट को लेकर कहा कि इसकी शुरुआत वर्ष 2007-08 में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने की थी, लेकिन बाद में आई अशोक गहलोत सरकार ने गलत एग्रीमेंट किया और साल 2013 में सोनिया गांधी से शिलान्यास करवाया. इस बयान पर अब सियासत छिड़ गई है. इसके साथ श्रेय लेने का होड़ और आरोपों का दौर शुरू हो गया है.

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो परियोजना को कांग्रेस के विजन की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए भाजपा पर हमला बोला है. उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयानों को तथ्यों से परे और जनता को गुमराह करने वाला बताया.

राजनीति के कारण रिफाइनरी पर लागत दोगुनी

टीकाराम जूली ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी की राह में रोड़े अटकाने का काम भाजपा ने किया. उन्होंने आरोप लगाया कि सितंबर 2013 में कांग्रेस सरकार की 37,230 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई इस परियोजना को भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार ने राजनीतिक द्वेष के चलते ठंडे बस्ते में डाल दिया. देरी के कारण अब इसकी लागत बढ़कर करीब 80,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है जिसका बोझ प्रदेश की जनता पर पड़ा है. उन्होंने कहा कि भाजपा की नकारात्मक सोच और खराब योजना के कारण राज्य को आर्थिक नुकसान हुआ.

4 साल पहले ही बनकर तैयार हो जाती रिफाइनरी

जूली ने कहा कि यदि 2013 के बाद काम नहीं रोका जाता तो रिफाइनरी चार साल में बनकर तैयार हो जाती और प्रदेश को समय पर राजस्व और रोजगार का लाभ मिलता. नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि दिसंबर 2018 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद रिफाइनरी का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया. 2018 से 2023 के बीच बजट आवंटन सुनिश्चित कर निर्माण कार्यों को गति दी गई, जिसके चलते अब यह परियोजना लोकार्पण के करीब पहुंची है. उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि अब वह तैयार परियोजना का श्रेय लेने की राजनीति कर रही है.

टीकाराम जूली ने जयपुर मेट्रो परियोजना को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जयपुर में मेट्रो का विचार और उसे जमीन पर उतारने का काम कांग्रेस सरकार ने किया था लेकिन भाजपा ने सत्ता में रहते हुए इस परियोजना को बार-बार बाधित किया. उन्होंने कहा कि भाजपा ने विकास की गति को अटकाने, लटकाने और भटकाने का काम किया है और जनता से माफी मांगनी चाहिए.

यह भी पढ़ेंः पीएम के राजस्थान दौरे पर मदन राठौड़ ने रिफाइनरी को बताया ‘गेम चेंजर', बोले- 90 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close