विज्ञापन

उदयपुर में होटल के झरोखे से पिछोला झील में गिरी 2 साल की मासूम, मां-बाप की आंखों के सामने डूबने से मौत

उदयपुर देश और दुनिया में एक प्रमुख टूरिस्ट हब के रूप में प्रसिद्ध है. झील किनारे बनी इन होटल्स में रोजाना सैकड़ों सैलानी अपने परिवारों के साथ ठहरते हैं. इस हादसे के बाद सुरक्षा के इंतजार पर सवाल खड़े हो गए हैं.

उदयपुर में होटल के झरोखे से पिछोला झील में गिरी 2 साल की मासूम, मां-बाप की आंखों के सामने डूबने से मौत
NDTV Reporter

Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र स्थित होटल जगत निवास के झरोखे से गिरकर दो साल की मासूम बच्ची की पिछोला झील में डूबने से मौत हो गई. शनिवार सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे ने देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और होटल प्रबंधन के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.

राजस्थान घूमने आया था दिल्ली का परिवार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी सोनू सिंह तवर अपनी पत्नी और दो साल की बेटी हिमाई के साथ उदयपुर घूमने आए थे और वे घंटाघर थाना इलाके के इसी हेरिटेज होटल में ठहरे हुए थे. आज सुबह बच्ची के माता-पिता होटल की दूसरी मंजिल पर स्थित रेस्टोरेंट में नाश्ता करने गए थे. माता-पिता जब काउंटर से नाश्ता ले रहे थे, उसी दौरान खेलते-खेलते मासूम बच्ची ने होटल का झरोखा खोल दिया और संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नीचे पिछोला झील के गहरे पानी में जा गिरी.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें

हादसा होते ही होटल परिसर में कोहराम मच गया. माता-पिता की चीख-पुकार सुनकर होटल स्टाफ तुरंत मौके पर दौड़ा. कर्मचारियों ने बिना एक पल गंवाए झील में छलांग लगाई और बच्ची को बाहर निकालकर आनन-फानन में एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया. 

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही घंटाघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और परिजनों की रिपोर्ट पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव उन्हें सौंप दिया है. इस मामले पर जानकारी देते हुए घंटाघर थाने के एएसआई इशाक मोहम्मद ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें:- गुलाबी नगरी में खजाने का रहस्य: 200 साल पुरानी हवेलियों में कहां गायब हो गए सोने-चांदी के कलश और तिजोरियां?

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close