विज्ञापन
This Article is From Feb 28, 2026

उदयपुर में 40 लोगों से भरी पिकअप पलटी, 3 की मौके पर ही मौत; 31 घायलों का इलाज जारी

राजस्थान में उदयपुर के गोगुंदा क्षेत्र में ढूंढ समारोह से लौट रही पिकअप पेड़ से टकरा गई. हादसे में एक मासूम समेत तीन लोगों की मौत और 31 लोग घायल हो गए. 12 घायलों की हालत नाजुक है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

उदयपुर में 40 लोगों से भरी पिकअप पलटी, 3 की मौके पर ही मौत; 31 घायलों का इलाज जारी
उदयपुर में 40 लोगों से भारी पिकअप पलट गई.

Rajasthan News: राजस्थान के उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया. गोगुंदा थाना क्षेत्र के मजावद गांव के पास ढूंढ समारोह से लौट रही एक लोडिंग पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. हादसे में एक मासूम सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 31 लोग घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

करीब 40 लोग थे पिकअप में सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप में चालक सहित करीब 40 लोग सवार थे. इनमें एक दर्जन से अधिक छोटे बच्चे और लगभग इतनी ही महिलाएं शामिल थीं. सभी लोग मोड़वा गांव के काड़ फला निवासी थे और बडून्दिया में आयोजित ढूंढ कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे. अचानक तेज रफ्तार पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे पेड़ से टकरा गया.

Latest and Breaking News on NDTV

तीन लोगों ने तोड़ा दम

हादसे में मासूम पंकज पुत्र भंवरलाल गमेती, नेमीचंद पुत्र नानालाल और लखमाराम पुत्र भूरा गमेती गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया.

31 घायल, 12 की हालत नाजुक

घायलों में करीब 13 बच्चे, 9 महिलाएं और 8 युवक शामिल हैं. इनमें से 12 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है. सूचना मिलते ही गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. 108 एंबुलेंस के पायलट सोहन सिंह राजपूत ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोगुंदा लाया गया जहां एक साथ इतने मरीज पहुंचने से अफरा तफरी मच गई. गंभीर घायलों को जिला अस्पताल उदयपुर रेफर किया गया.

प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही गिर्वा डीवाईएसपी गोपाल चंदेल, एसडीएम प्रशिक्षु आईएएस दृष्टि दबाच और तहसीलदार प्रवीण कुमार अस्पताल पहुंचे. प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का संतुलन बिगड़ना हादसे का कारण माना जा रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. गांव में मातम पसरा है और मृतकों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.

यह भी पढ़ें- ऑपरेशन शिकंजा: तेलंगाना में करौली पुलिस का धावा, 15 साल से फरार ₹20,000 का इनामी डकैत गिरफ्तार  

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close