विज्ञापन

सीने के आर-पार घुसा 9 इंच पाइप, मौत के मुंह से लौटा युवक, डॉक्टरों ने जो किया वो किसी 'चमत्कार' से कम नहीं

भीलवाड़ा में हादसे के शिकार युवक को उदयपुर स्थित एमबी हॉस्पिटल लाया गया. युवक के सीने में घुसा मोटा पाइप फेफड़े को चीरकर गर्दन तक पहुंच गया था.

सीने के आर-पार घुसा 9 इंच पाइप, मौत के मुंह से लौटा युवक, डॉक्टरों ने जो किया वो किसी 'चमत्कार' से कम नहीं
फिलहाल, मरीज की हालत स्थिर है और तेजी से स्वस्थ हो रहा है.

उदयपुर में डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल और जोखिम भरी सर्जरी कर 32 वर्षीय युवक को नया जीवन दिया. भीलवाड़ा निवासी इस युवक के सीने के आर-पार करीब 9 इंच लंबा लोहे का पाइप घुस गया था, जिसे सफलतापूर्वक निकाल लिया गया. युवक 24 अप्रैल को बाइक से जा रहा था, तभी आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया. इससे ट्रक में लदा लोहे का पाइप खिसककर सीधे युवक के सीने में जा धंसा. पाइप इतना बड़ा था कि मौके पर ही उसे कटर से काटना पड़ा. इसके बाद एमबी अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी में युवक का सफल इलाज किया गया.

शॉक की स्थिति में युवक को लाए उदयपुर

गंभीर हालत में युवक को अत्यधिक रक्तस्राव और शॉक की स्थिति में आरएनटी मेडिकल कॉलेज लाया गया. सीटी स्कैन में सामने आया कि यह मोटा पाइप पसलियां तोड़ते हुए फेफड़े को चीरकर गर्दन तक पहुंच गया था. रेडियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. कुशल गहलोत ने बताया कि इससे सबक्लेवियन धमनी और शिरा भी क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिससे फेफड़ों में भारी रक्तस्राव हो गया था.  

मरीज की सीटी स्कैन रिपोर्ट.

मरीज की सीटी स्कैन रिपोर्ट.

ऐसे मामलो में बच पाना काफी मुश्किल 

कार्डियोथोरेसिक सर्जन डॉ. विनय नैथानी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत ऑपरेशन शुरू किया. जटिल सर्जरी के दौरान एल-आकार के पाइप को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया. साथ ही क्षतिग्रस्त रक्त वाहिकाओं की मरम्मत, फेफड़े का उपचार और टूटी पसलियों का पुनर्निर्माण किया गया.  सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत अब स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहा है. आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन ने बताया कि इस तरह के मामलों में मृत्यु दर बहुत अधिक होती है, लेकिन समय पर इलाज और टीमवर्क से एक जीवन बचाया जा सका. 

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में मौसम का डबल अटैक: जैसलमेर में पारा 46.4 डिग्री, सीकर में आंधी की तबाही! कई इलाकों में बिजली गुल

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close