विज्ञापन

उदयपुर में भीषण सड़क हादसा, एक के बाद एक 12 वाहन आपस में टकराए, कई यात्री घायल

देबारी के पास जहां हादसा हुआ, वहां से यह हाईवे दो हिस्सों में बंटता जैसा दिखता है. एक पुराना रास्ता जो शहर के अंदर (प्रतापनगर) जाता है और दूसरा नया उदयपुर बाईपास, जो शहर के ट्रैफिक को बाहर से ही निकालकर सीधे अहमदाबाद हाईवे (काया गांव) से जोड़ देता है.

उदयपुर में भीषण सड़क हादसा, एक के बाद एक 12 वाहन आपस में टकराए, कई यात्री घायल
हाईवे पर हुई इस एक्सीडेंट के कारण लंबा जाम लग गया है.
NDTV Reporter

Rajasthan News: उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाइवे-48 पर गुरुवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. प्रतापनगर थाना क्षेत्र के देबारी पावर हाउस के पास एक के बाद एक 12 वाहनों के टकराने से हाइवे पर कोहराम मच गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. इस दर्दनाक हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हाईवे पर लगा लंबा जाम

अभी तक किसी कि भी मौत की जानकारी नहीं मिली है. फिलहाल प्रतापनगर थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर हैं. इस दुर्घटना के चलते नेशनल हाइवे 48 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. घटना के बाद ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिसे बहाल करने के लिए पुलिस मशक्कत कर रही है. पुलिस ने भारी वाहनों के साथ-साथ अन्य वाहनों के यातायात को नियंत्रित करना शुरू कर दिया है.

सीएनजी ट्रक भी चपेट में आया

घायलों की सटीक संख्या और हादसे के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा. प्रशासन ने राहगीरों से अपील की है कि वे घटनास्थल के पास भीड़ न लगाएं ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए. कुछ वीडियो सामने आए हैं जिसमें ट्रक, टैंकर, कार, वैन, ऑटो और एक सीएनसी सिलेंडर को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने वाली गाड़ी भी इस हादसे का शिकार हुई नजर आ रही है.

ढलान क्षेत्र की वजह से हुआ हादसा?

बताते चलें कि देबारी पावर हाउस के पास का हिस्सा हाईवे पर एक 'एक्सीडेंट प्रोन जोन' के रूप में जाना जाता है. यहां अक्सर होने वाले हादसों के मुख्य कारण खतरनाक कट, तेज रफ्तार है. NHAI ने इस ब्लैकस्पॉट को ठीक करने और यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए देबारी में एक व्हीकुलर अंडरपास (VUP) के निर्माण की योजना भी बनाई है. हालांकि जहां हादसा हुआ वहां ढलान क्षेत्र है, जिससे भी हादसे का कारण बताया जा रहा है.

ये भी पढ़ें:- 'पानी सूंघकर वापस लौटाने' वाला वीडियो वायरल होते ही मरम्मत का काम शुरू, MLA बोले- ये लोग मेरे हैं, मैं इनका हूं

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close