Rajasthan News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. एसएचओ ईश्वर जांगिड़ के नेतृत्व में टीम ने 36 हजार प्रतिबंधित प्रीगाबालिन गोलियां जब्त कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई नशा मुक्ति चौपाल के दौरान जागरूक हुए लोगों की सूचना पर की गई.
फेस वॉश के नाम पर मंगवाई गई गोलियां
पुलिस के अनुसार आरोपी रवि कुमार ओड निवासी रावला और मनप्रीत सिंह निवासी रामसिंहपुर ने दिल्ली से कोरियर के जरिए दो कार्टून मंगवाए थे. कार्टून पर फेस वॉश लिखा हुआ था ताकि किसी को शक न हो. जांच में दोनों कार्टून सीलबंद मिले जिनमें 36 हजार नशीली गोलियां भरी थीं.
2 लाख में खरीदी 7 लाख में बेचने की योजना
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इन गोलियों की कीमत करीब 2 लाख रुपये है. उन्होंने यह रकम ऑनलाइन ट्रांसफर भी की थी. बाजार में इन्हें नशा करने वाले युवकों को करीब 7 लाख 20 हजार रुपये में बेचने की तैयारी थी. पुलिस को शक है कि इसके पीछे बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है.
ड्रग विभाग भी जांच में शामिल
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर सुखदीप कौर को बुलाया गया. बैच नंबर के आधार पर पूरे रैकेट की जांच की जा रही है. कोरियर कंपनी से भी पूछताछ की जा रही है ताकि सप्लाई चैन का पता लगाया जा सके.
जागरूकता अभियान का दिखा असर
एसपी अमृता दुहन के निर्देश पर क्षेत्र में नशा मुक्त चौपाल आयोजित की जा रही है. इसी अभियान से प्रेरित होकर आम लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने कहा कि आगे भी नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें- धौलपुर: CMHO ने किया औचक निरीक्षण, बंद मिले 11 आयुष्मान आरोग्य मंदिर; नोटिस जारी