Gold seized in Sirohi: राजस्थान के सिरोही जिले के आबूरोड रीको थाना पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने गुजरात बॉर्डर के पास नाकेबंदी के दौरान एक निजी ट्रेवल्स बस से करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. यह जोधपुर से महाराष्ट्र के पुणे ले जाई जा रही थी. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए बस में सफर कर रहे तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है.
मावल चौकी पर बिछाया गया था जाल
मामले को लेकर आबूरोड रीको थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह ने बताया की पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह के निर्देश पर इन दिनों जिलेभर में संदिग्ध गतिविधियों और अवैध परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत रीको थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जोधपुर से पूणे जा रही एक प्राइवेट ट्रेवल्स बस में संदिग्ध रूप से बड़ी मात्रा में आभूषण ले जाए जा रहे हैं.
इस पर रीको थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. मावल चौकी प्रभारी भवानी सिंह, कांस्टेबल प्रकाश और दिलीप सिंह की टीम ने गुजरात सीमा से ठीक पहले मावल चौकी पर नाकेबंदी मजबूत कर दी. जैसे ही बस वहां पहुंची, पुलिस टीम ने उसे रुकवाकर सघन तलाशी शुरू कर दी.
बैग खोलते ही मिला ढाई किलो सोना
ट्रैवल बस की तलाशी के दौरान पुलिस को बस में सवार तीन युवकों के बैग से 2.5 किलो से ज़्यादा सोने और बड़ी मात्रा में चांदी की ज्वेलरी मिली. जब पुलिस ने ज्वेलरी से जुड़े डॉक्यूमेंट्स और बिल मांगे, तो युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए.शुरुआती जांच में बरामद ज्वेलरी की कीमत 4 करोड़ रुपये से ज़्यादा आंकी जा रही है.
जांच में जुटी पुलिस
इस पूरी कार्रवाई में मावल चौकी प्रभारी भवानी सिंह की सक्रिय भूमिका रही. भवानी सिंह ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम के साथ त्वरित कार्रवाई की, जिसके चलते बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद करने में सफलता मिली. फिलहाल, रीको थाना पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में आभूषण जोधपुर में कहां से लाए गए थे और पूना में इन्हें किसे डिलीवर किया जाना था.वहीं हिरासत में लिए गए तीनों युवकों से लगातार पूछताछ जारी है.
यह भी पढ़ें: इन्फ्लूएंसर अनीता बिश्नोई मामले में दर्ज हुई पहली FIR, ट्रोलिंग से तंग आकर खाया था जहर