विज्ञापन

अजमेर के कब्रिस्तान भूमि विवाद में नया मोड़! पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क से जुड़े आरोपी अली का नाम आया सामने

अजमेर के बोहरा समाज कब्रिस्तान विवाद में पाक नेटवर्क से जुड़े आरोपी नाम सामने आने के बाद एजेंसियां सतर्क है. दस्तावेजों में उसका नाम खरीदार के रूप में दर्ज है.

अजमेर के कब्रिस्तान भूमि विवाद में नया मोड़! पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क से जुड़े आरोपी अली का नाम आया सामने
अजमेर का अली अकबर विस्फाेटक सामग्री के साथ अंबाला में गिरफ्तार हुआ था.

अजमेर में बोहरा समाज के कब्रिस्तान की विवादित भूमि को लेकर चल रहे मामले में अब नया मोड़ आया है. ताजा दस्तावेजों में पाक आतंकी नेटवर्क से जुड़े आरोपी अली अकबर उर्फ बाबू का नाम खरीदार के रूप में सामने आया है, जिससे प्रशासनिक और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. फॉयसागर रोड स्थित बोहरा समाज के कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे और रजिस्ट्री को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. दाऊदी बोहरा पंचायत ने इस रजिस्ट्री को वक्फ ट्रिब्यूनल में चुनौती दी थी, जिस पर फिलहाल स्टे लगा हुआ है.

अली अकबर के फंडिंग की हो रही है जांच

अली अकबर हरियाणा के अंबाला में विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार हो चुका है. उस पर पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप लगे हैं. जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और फंडिंग के स्रोतों की जांच कर रही हैं.

दावा- तंगी से गुजर रहा परिवार 

अली अकबर की गिरफ्तारी के बाद उसके परिजनों ने आर्थिक तंगी का दावा किया था. बताया गया कि उसके ऊपर ऑटो रिक्शा और मोबाइल की किस्तें बकाया थीं. लेकिन विवादित कब्रिस्तान भूमि की रजिस्ट्री में उसका नाम आने से कई सवाल खड़े हो गए हैं. आशंका जताई जा रही है कि वह किसी बड़े भू-माफिया या नेटवर्क के लिए फ्रंटमैन के रूप में काम कर रहा था.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अली अकबर ने अजमेर के पीसांगन के एक व्यापारी को जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिस पर उसे पीसांगन थाना पुलिस ने शांति भंग की धारा में गिरफ्तार कर पाबंद किया था.

मामले में जांच की मांग उठी

दाऊदी बोहरा पंचायत के सचिव शब्बीर सागर वाला ने बताया कि आरोपियों ने जेसीबी मशीन लगाकर कब्रिस्तान की जमीन समतल करने की कोशिश भी की थी, जिसे पुलिस की मदद से रोका गया. अब पूरे मामले की गहन जांच की मांग उठ रही है, ताकि धार्मिक संपत्ति के दुरुपयोग और संभावित नेटवर्क का खुलासा हो सके.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में तेज बारिश और ओलावृष्टि का कहर, आज भरतपुर में ऑरेंज अलर्ट, अगले 4 दिन तक राहत नहीं

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close