अजमेर दरगाह में रुद्राभिषेक की मांग, महाराणा प्रताप सेना अध्यक्ष ने महाशिवरात्रि से पहले कलेक्टर को लिखा पत्र

राजस्थान के अजमेर शरीफ दरगाह परिसर में महाशिवरात्रि से पहले रुद्राभिषेक और शिव पूजा की अनुमति मांगते हुए महाराणा प्रताप सेना ने कलेक्टर को पत्र भेजा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
अजमेर दरगाह में रुद्राभिषेक और शिव पूजा की मांग.

Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर में अजमेर शरीफ दरगाह को लेकर एक नई मांग सामने आई है. महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजवर्धन सिंह परमार ने शनिवार को जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर महाशिवरात्रि से पहले दरगाह परिसर में रुद्राभिषेक और शिव पूजा की अनुमति देने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि उनकी संस्था सनातन परंपराओं और ऐतिहासिक मान्यताओं के आधार पर यह मांग कर रही है.

शिव मंदिर से जुड़ा होने का दावा

डॉ. परमार ने अपने पत्र में दावा किया कि दरगाह परिसर प्राचीन समय में शिव मंदिर से जुड़ा रहा है. उनका कहना है कि महाशिवरात्रि जैसे पवित्र पर्व पर शिवभक्तों को वहां पूजा करने का अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि प्रस्तावित धार्मिक कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में संगठन प्रशासन का सहयोग करेगा. साथ ही श्रद्धालुओं की भावनाओं को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग भी रखी गई है.

न्यायालय में भी लंबित मामला

परमार ने बताया कि दरगाह परिसर में प्राचीन शिव मंदिर होने के दावे को लेकर न्यायालय में याचिका पहले से दायर है. याचिका में परिसर में हिंदू देवी देवताओं के चिन्ह होने का भी उल्लेख किया गया है. इस मामले की अगली सुनवाई 21 फरवरी को प्रस्तावित बताई जा रही है और इस पर विभिन्न पक्षों की नजरें टिकी हुई हैं.

प्रशासन ने पत्र मिलने से किया इंकार

दूसरी ओर जिला प्रशासन ने ऐसे किसी पत्र की आधिकारिक प्राप्ति की पुष्टि नहीं की है. हालांकि शहर में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और कई संगठन व श्रद्धालु आगे की प्रशासनिक और न्यायिक प्रक्रिया को लेकर उत्सुक हैं. फिलहाल मामला प्रशासनिक जांच और न्यायालयीन विचाराधीन प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- 'आदिवासी होस्टल्स के पैसे से हिंदू विराट सम्मेलन करवाया जा रहा है' सांसद रोत ने लगाए TAD विभाग पर आरोप