अजमेर में गैस सिलेंडर काटते समय धमाका, गोदाम से बाहर सड़क तक फैलीं लपटें, मची चीख-पुकार

गोदाम के पास रहने वाले लोगों का कहना है कि कई बार गाड़ियों में बची गैस निकाले बिना ही सिलेंडर काटे जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
अजमेर में गैस सिलेंडर काटते समय धमाका

Rajasthan News: अजमेर के नाका मदार आश्रम वाली गली में बने एक लोहे के गोदाम में पुरानी गाड़ियों की कटाई के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया. कथित तौर पर गाड़ियों में लगे एलपीजी व सीएनजी गैस सिलेंडरों को काटते समय अचानक आग भड़क उठी और जोरदार धमाका हुआ. हादसे में पुनीत जैन और उनके भाई अरिहंत जैन गंभीर रूप से झुलस गए. धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में बाहर निकल आए. गोदाम के सीमित हिस्से में आग भी लग गई, जिसे बाद में काबू में किया गया.

हमेशा बना रहता हादसे का खतरा

गोदाम के पास रहने वाले अमित चौहान ने बताया कि यहां आए दिन इसी तरह पुरानी गाड़ियों की अवैध कटाई की जाती है. उनका आरोप है कि कई बार गाड़ियों में बची गैस निकाले बिना ही सिलेंडर काटे जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है. उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले भी इसी तरह का हादसा हुआ था, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन या जिम्मेदार विभाग ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की. स्थानीय लोगों में गोदाम संचालन को लेकर रोष व्याप्त है. 

Advertisement

घटना का सीसीटीवी फुटेज आया

घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गोदाम के अंदर तेज धमाके के साथ आग की लपटें गेट के बाहर तक जाती हैं और गेट पर खड़े एक व्यक्ति को चपेट में ले लेती हैं. इसके बाद चीखते-चिल्लाते दो लोग और आग की लपटों के बीच गोदाम से बाहर निकलते हैं. गोदाम मालिक ने बताया कि तांबे के तार जला रहे थे. इसी दौरान हल्का डीजल डाला तो एकदम से भभका आ गया. हालांकि, स्थानीय लोग गोदाम मालिक के दावे को गलत बता रहे हैं.

हादसे की सूचना पर स्थानीय पूर्व पार्षद सुनील धानका भी मौके पर पहुंचे और गोदाम मालिक पर अवैध गतिविधियां संचालित करने का आरोप लगाया. उन्होंने प्रशासन से गोदाम की वैधता, सुरक्षा इंतजाम और गैस सिलेंडर कटाई प्रक्रिया की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की. वहीं घायल पुनीत जैन और अरिहंत जैन को उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है.

यह भी पढे़ं-

रेस्टोरेंट में खाने बैठा बच्चा, ऊपर भरभरा कर गिरी बिल्डिंग; विधवा मां ने कोटा हादसे में खोया बेटा

कोटा नगर निगम का एक्शन, 5 प्रतिष्ठानों पर नोटिस चस्पा; 2 दिन में अतिक्रमण नहीं हटाया तो चलेगा बुलडोजर