Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर जिले में सीआईडी टीम ने वीजा नियमों का उल्लंघन कर रह रहे एक नाइजीरियन छात्र को हिरासत में लिया है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने बताया कि राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान सूचना मिली कि एक छात्र लंबे समय से वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में ठहरा हुआ है.
सूचना की पुष्टि के बाद सीआईडी ने जिला पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया. जांच में सामने आया कि छात्र ने अनिवार्य एफआरआरओ रजिस्ट्रेशन भी नहीं कराया था, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है.
विश्वविद्यालय में लिया दाखिला, पढ़ाई से दूरी
जांच में खुलासा हुआ कि नाइजीरियन नागरिक नजीब ईशा लावन ने भगवंत यूनिवर्सिटी (Bhagwant University) में एमएससी आईटी में ऑनलाइन प्रवेश लिया था. इसी आधार पर उसे स्टूडेंट वीजा मिला और वह 6 सितंबर 2023 को भारत आया.
लेकिन हैरानी की बात यह रही कि वह कभी विश्वविद्यालय में पढ़ाई के लिए उपस्थित नहीं हुआ. पिछले दो साल से अधिक समय से वह देश के अलग अलग स्थानों पर रह रहा था और वीजा समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से ठहरा रहा.
डिटेंशन सेंटर भेजा, डिपोर्ट की तैयारी
12 फरवरी को सीआईडी टीम ने उसे पकड़कर अलवर स्थित डिटेंशन सेंटर भेज दिया. मामले की सूचना गृह विभाग को दे दी गई है. अधिकारियों के अनुसार अब छात्र को भारत से डिपोर्ट करने और ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले विदेशी नागरिकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें-
कोटा में फिर आया सुसाइड का मामला, MP की NEET छात्रा की मौत... एक दिन पहले लिये थे 100 रुपये उधार