बांसवाड़ा जिले के आंबापुरा में वीरपुर गांव के पास शनिवार को दो बाइकों की भिड़ंत में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि एक युवक घायल हो गया. हादसा उस समय हुआ, जब एक पिता अपने बेटे की शादी संपन्न कर घर लौट रहा था. घटना की सूचना पर आंबापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. हादसे की सूचना के बाद से ही शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम पसर छा गया है.
मध्यप्रदेश के युवक का बांसवाड़ा में तय हुआ रिश्ता
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के बाजना क्षेत्र के कबलखोरा निवासी मड़िया डिंडोर अपने बेटे पंकज की शादी कर लौट रहे थे. उन्होंने बांसवाड़ा में आंबापुरा क्षेत्र के नवाखेड़ा गांव में रिश्ता तय किया था. शादी होने के बाद बाइक से वापस घर लौट रहे थे. उनके साथ समधी हकरू निनामा भी बाइक पर सवार थे.
एक की मौके पर ही मौत
इस दौरान, वीरपुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि मड़िया डिंडोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल हकरू निनामा ने अस्पताल लाते समय दम तोड़ दिया. पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी मे रखवाया है. रिपोर्ट के बाद शवों पोस्टमार्टम करवाया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः जयपुर में सरेआम फायरिंग की चर्चा! पुलिस थाने पहुंचा मामला, यूथ कांग्रेस के चुनाव से जुड़ा है मामला