Rajasthan News: राजस्थान के बारां शहर में आतिशबाजी गोदाम की आड़ में अवैध पटाखा फैक्ट्री चलाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने रात में मौके पर पहुंचकर सीज की गई फैक्ट्री और गोदामों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए.
संचालक पर दर्ज होगी एफआईआर
एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि अवैध तरीके से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखने और निर्माण करने के मामले में संचालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी. इसके बाद विस्फोटक सामग्री की सैंपलिंग करवाई जाएगी और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए अवैध फैक्ट्री और दो अन्य गोदामों की बिजली काट दी गई है. 24 घंटे के लिए गार्ड तैनात किए गए हैं. जहां भारी मात्रा में विस्फोटक मिला उन भवनों को सीज कर दिया गया है. मौके पर एक फायर ब्रिगेड भी तैनात की गई है.
एफएसएल और बम निरोधक दस्ते की मदद
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जांच के लिए एफएसएल की टीम बुलाई जाएगी. साथ ही डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की मदद भी ली जाएगी. प्रशासन इस पूरे मामले को बेहद संवेदनशील मान रहा है और हर कदम सावधानी से उठाया जा रहा है.
लाइसेंस में मिली बड़ी खामियां
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित व्यक्ति के पास केवल सीमित मात्रा में आतिशबाजी बेचने का लाइसेंस है. फायर एनओसी नहीं मिली है और पटाखा निर्माण का कोई वैध लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं है. इसी आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
मौके पर कोतवाली थाना प्रभारी भजनलाल आरपीएस, एसडीएम विश्वजीत सिंह, नगर परिषद आयुक्त भुवनेश कुमार मीणा, डीएसपी पुष्पेंद्र सिंह आड़ा और एडिशनल एसपी प्रवीण जैन भी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें- झालावाड़ में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो और बाइक की टक्कर में मध्य प्रदेश और उदयपुर के चार युवकों की मौत