Rajasthan News: राजस्थान के भरतपुर जिले में रहने वाला एक परिवार पड़ोसी की लगातार अश्लील हरकतों और धमकियों से इतना परेशान हो गया कि पलायन करने पर मजबूर हो गया. पीड़ित महिला का पति सीआरपीएफ में तैनात है और ड्यूटी के चलते घर से बाहर रहता है. इसी का फायदा उठाकर पड़ोसी युवक महिला को आते जाते देखकर आपत्तिजनक टिप्पणी करता है.
बेटे को दी जान से मारने की धमकी
पीड़ित परिवार के बेटे ने बताया कि जब वह अपनी मां के साथ हो रही हरकतों का विरोध करता है तो पड़ोसी युवक उसे मारने पीटने और जान से खत्म करने की धमकी देता है. इस डर के माहौल में पूरा परिवार असुरक्षित महसूस कर रहा है. युवक का कहना है कि अब हालात ऐसे बन गए हैं कि वहां रहना मुश्किल हो गया है.
पहले भी हुई थी शिकायत
युवक ने बताया कि करीब एक महीने पहले इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी. उस समय पुलिस ने आरोपी को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया था. इसके बाद भी आरोपी की हरकतें नहीं रुकी बल्कि वह और ज्यादा परेशान करने लगा. इससे परिवार का डर और बढ़ गया.
बजरंग दल ने किया हस्तक्षेप
लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़ित युवक बजरंग दल के पास पहुंचा. इसके बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने मामले में दखल दिया. उनकी पहल पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके घर भी पहुंची लेकिन वह मौके से फरार हो गया.
पुलिस का भरोसा
सीओ सिटी पंकज यादव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और जांच वे स्वयं कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार सुरक्षित है और पुलिस उनके साथ खड़ी है. हालात ऐसे नहीं हैं कि परिवार को पलायन करना पड़े. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्दी ही उसे पकड़ लिया जाएगा. पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया गया है ताकि वे बिना डर के अपने घर में रह सकें.
यह भी पढ़ें- ACB Action: 23400 रुपये रिश्वत लेते दो इंजीनियर भरतपुर में हुए ट्रैप, एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा