राजस्थान के इंडस्ट्रियल हब भिवाड़ी में मजदूरों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है. मंगलवार (21 अप्रैल) को भी बालकिशन इंडस्ट्री लिमिटेड कंपनी के बाहर सैकड़ों श्रमिकों ने धरना जारी रखा, जिससे इलाके में कामकाज प्रभावित होने लगा है. मजदूरों का कहना है कि लंबे समय से वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है. रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है. ऐसे में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर श्रमिक अब खुलकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.
काम के घंटों से सेहत पर असर
धरने पर बैठे श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उनसे 12 घंटे तक काम लिया जा रहा है, जबकि वे सिर्फ 8 घंटे का कार्यदिवस चाहते हैं. श्रमिकों का तर्क है कि लंबे समय तक काम करने से न केवल उनकी सेहत पर असर पड़ रहा है, बल्कि परिवार के लिए समय भी नहीं मिल पा रहा है.

फैक्ट्री के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
महिलाएं बोलीं- बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही
प्रदर्शन में शामिल महिला श्रमिकों ने भी अपनी समस्याएं सामने रखीं. उन्होंने कहा, "फैक्ट्री में खान-पान, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी है, जिससे उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है." महिला कर्मचारियों ने इन मुद्दों को लेकर विशेष रूप से नाराजगी जताई और जल्द सुधार की मांग की.
मजदूरों की प्रबंधन को चेतावनी
धरने के दौरान मजदूरों ने जमकर नारेबाजी की. उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. अब तक कंपनी प्रबंधन और प्रशासन के बीच कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.
यह भी पढ़ेंः बाघ, पैंथर के डर से चीते ने छोड़ा रणथंभौर! अब रिहायशी इलाके में ढूंढ रहा ठिकाना, लोगों में डर