राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को बूंदी जिले के हिंडोली दौरे पर पहुंचे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने रामसागर झील पर लोकदेवता तेजाजी महाराज के दर्शन किए और झील के किनारे विधि-विधान से जल पूजन किया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने एक जनसभा को संबोधित किया और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है. अपने संबोधन की शुरुआत “भारत माता की जय” के नारों के साथ करते हुए विपक्ष पर कटाक्ष किया कि पंजा मत दिखाइए, पंजे ने देश को गंजा किया है.
'पेपर लीके के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई'
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हिंडोली की धरती पर आकर उन्हें विशेष खुशी हो रही है. उन्होंने कहा, “हिंडोली में लाल ही लाल नजर आ रहा है और मेरा सौभाग्य है कि मुझे रामसागर झील देखने का अवसर मिला.” मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में पूर्व सरकारों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने पेपर लीक प्रकरणों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ हुआ है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं में हुए घोटालों की जांच जारी है और इसमें शामिल लोग धीरे-धीरे कानून के शिकंजे में आ रहे हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में दिल्ली दौरों को लेकर उठ रहे सवालों का भी जवाब दिया. उन्होंने कहा, “कुछ लोग पूछते हैं कि हम दिल्ली क्यों जाते हैं, तो मैं उनसे कहता हूं कि चश्मा लगाकर देख लीजिए. दिल्ली जाने से राजस्थान के लिए कितनी योजनाएं आ रही हैं.”
'हम होटल में बैठने वालों में नहीं हैं'
उन्होंने आगे कहा कि उनकी सरकार दिखावे की राजनीति में विश्वास नहीं रखती. हम होटल में बैठने वालों में नहीं हैं, बल्कि जमीन पर काम करने आए हैं. हमारी प्राथमिकता किसान, मजदूर और गरीब वर्ग का विकास है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों, मजदूरों और गरीबों के हित में काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के साथ समन्वय का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली जाने से राजस्थान को अनेक विकास योजनाओं का लाभ मिल रहा है और राज्य के विकास को गति मिल रही है.
मुख्यमंत्री ने महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया. उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा के प्रसार में उनका योगदान अतुलनीय है, खासकर महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका प्रेरणादायक रही है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फुले दंपत्ति पर आधारित एक पैनोरमा बनाने की घोषणा भी की.
यह भी पढें-
RCA का बड़ा दांव, अब AI करेगा खिलाड़ियों का चयन; IPL आयोजन और चुनाव पर फोकस