अलवर के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. चलती कार में आग लगने से 5 लोग जिंदा जल गए. कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया. डीएसपी कैलाश जिंदल ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रात 1 बजे मौजपुर के समीप पिलर नम्बर 115/300 पर हादसा हुआ. कार दिल्ली से कोटा की ओर जा रही थी. कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया. कार में सवार लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला, और पूरी कार चंद मिनटों में आग का गोला बन गई.
3 महिला और बच्ची सहित 5 जिंंदा जले
कार में सवार एमपी के श्योपुर निवासी 3 महिला, एक बच्ची और एक पुरुष सहित 5 लोग जिंदा जल गये. कार चालक एमपी के श्योपुर निवासी विनोद कुमार मेहर ने बड़ी मुश्किल से कार से कूद कर अपनी जान बचाई. हादसे में कार चालक विनोद कुमार मेहर 80% झुलस गया. राहगीरों की सूचना पर एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची. हादसे की सूचना मिलते ही गश्त कर रही लक्ष्मणगढ पुलिस थाने का जाप्ता और एसएचओ नेकीराम मौके पर पहुंचे, और दमकल को भी सूचना दी.
डीएसपी ने झुलसे ड्राइवर को अस्पताल भेजा
कुछ ही देर में ही डीएसपी कैलाश जिंदल भी मौके पर पहुचे. हादसें में 80% झुलसे कार चालक को इलाज के लिये पिनान के सीएचसी भिजवाया. वहां से उसे अलवर रेफर कर दिया गया. कार चालक को ईलाज के लिए अलवर के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही एसपी सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये. पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान: नए जिलों में RDS के लिए तय CEO पद का विरोध, RAS परिषद ने किरोड़ी लाल को लिखा पत्र