Rajasthan News: राजस्थान के धौलपुर जिले से एक बहुत ही अनोखा मामला सामने आया है, जहां शादी की रस्मों के बीच खुशी का माहौल अचानक रणक्षेत्र में बदल गया. जहां मामूली से 'नेग' के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-भाटा जंग हुई. इस खूनी संघर्ष में चार महिलाओं सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
नेग बना विवाद की जड़
घटना बसई डांग थाना क्षेत्र के चंदीलपुरा गांव की है. यहां पंजाब सिंह की बेटी का विवाह समारोह चल रहा था. रस्मों के दौरान रीति-रिवाजों के अनुसार 'नाइन' ने दूल्हा पक्ष से 5100 रुपये नेग के रूप में मांगे. दूल्हा पक्ष ने पैसे तो दे दिए लेकिन इसकी शिकायत उस बिचौलिये से कर दी जिसने यह रिश्ता तय कराया था. बस, यही शिकायत विवाद की चिंगारी बन गई.
बिचौलिये ने भड़काई आग, जमकर चला संघर्ष
नेग की बात सुनते ही बिचौलिया आगबबूला हो गया और वधू पक्ष को खरी-खोटी सुनाने लगा. देखते ही देखते बात गाली-गलौज तक पहुंच गई. आरोप है कि बिचौलिये और वर पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर दुल्हन पक्ष पर लाठियों और लात-घूंसों से हमला कर दिया.
घर की छतों और गलियों में भगदड़ मच गई. लोग हाथों में डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े. इस हमले में पंजाब, लोई, केला, कलावती और संजू घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल (मेडिकल कॉलेज) में भर्ती कराया गया है.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लोग छतों पर चढ़कर एक-दूसरे को गालियां दे रहे हैं और लाठियां लहरा रहे हैं. पुलिस ने वायरल वीडियो को अपने कब्जे में ले लिया है.
बसई डांग थाना प्रभारी महेश ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. वायरल वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही गिरफ्तारियां की जाएंगी.
यह भी पढ़ें- Rajasthan: भिवाड़ी में भीषण गैस सिलेंडर ब्लास्ट, एक ही परिवार के 7 लोग झुलसे, हालत नाजुक