Rajasthan News: चाहे फिल्में हो या किस्से-कहानियां हो, हर जगह पर पुलिस की छवि कड़क और रौबदार दिखाई जाती है. लेकिन पुलिस की वर्दी के पीछे भी हम जैसे इंसान होते हैं, जो इसी समाज का हिस्सा होते हैं. उनके भीतर भी मानवीय संवेदनाएं और संवेदनशीलता होती है. डीडवाना से पुलिस की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो दिल को छू लेने वाली है. यह तस्वीर न केवल पुलिस की संवेदनशीलता का परिचय है, बल्कि यह पुलिस के जवानों के आम जनता के प्रति व्यवहार और नजरिया को भी बयां कर रही है.
जन्म से दिव्यांग है नदीम
दरअसल, डीडवाना पुलिस थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो एक दिव्यांग युवक नदीम को अपने कंधों पर बैठाए हुए हैं और इस दिव्यांग युवक नदीम को पूरे थाना परिसर का भ्रमण करवा रहे हैं. गांव मारवाड़ बालिया निवासी 30 वर्षीय युवक नदीम जन्म से ही दिव्यांग है. नदीम के ना तो दोनों हाथ है, ना ही दोनों पैर. कुछ दिनों पहले जब थानाधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो गश्त पर थे, तब नदीम उनसे मिला और उनसे पुलिस थाना देखने की इच्छा जाहिर की.
कंधे पर बैठाकर नदीम को घुमाया
नदीम यह देखना चाहता था कि थाना कैसे संचालित होता है और पुलिस किस तरह से काम करती है. उसकी इस इच्छा को थाना अधिकारी ने स्वीकार कर उसे थाने पर आमंत्रित किया. जब नदीम थाने पहुंचा तो वह खुद थाना देखने में असमर्थ था, ऐसे में थानाधिकारी राजेंद्र सिंह ने खुद पहल करते हुए उसे अपने कंधे पर बिठा लिया और उसे पूरा थाने का भ्रमण करवाया. यही नहीं थानाधिकारी ने नदीम को अपनी इंस्पेक्टर कैप भी पहनाकर उसका सम्मान किया. इस दौरान उन्होंने नदीम को थाना परिसर के रिकॉर्ड रूम, कंट्रोल रूम, HM ऑफिस, शस्त्रागार, हवालात, बैरक, मेस, मालखाना आदि का भ्रमण करवाया और पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी.
चर्चा का विषय बना यह वीडियो
थानाधिकारी ने नदीम को बताया कि पुलिस किस प्रकार 24 घंटे एक्टिव मोड में रहती है और किस प्रकार अपराधों को रोकने व कानून व्यवस्था बहाल करने की दिशा में काम करती है. इस दौरान नदीम भी काफी खुश और उत्साहित नजर आया. नदीम को कंधे पर बैठाने ओर उसे थाना भ्रमण करवाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. थानाधिकारी का यह वीडियो पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया. वहीं उनका यह कदम पुलिस के मानवीय चेहरे को भी उजागर करता है. सोशल मीडिया पर थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो की संवेदनशील और कार्यशैली की जमकर सराहना हो रही है.
यह भी पढे़ं-
रात को कमरे में सोने गए पति-पत्नी, दोनों की हुई संदिग्ध मौत; 7 महीने पहले हुआ था नाता विवाह
बेटी को पहलवान बनाने के लिए पिता ने बेच दी जमीन, अब भीलवाड़ा की अंजलि का भारतीय टीम में चयन