राजस्थान में गुरूवार (20 मार्च) को ईद का चांद नज़र नहीं आया, इसलिए ईद-उल-फितर का त्यौहार शनिवार को मनाया जाएगा और शुक्रवार को 30वां और आखिरी रोज़ा होगा. अजमेर शहर में तैयारियां पूरी हो गई. ईद के मौके पर गरीब नवाज दरगाह स्थित जन्नती दरवाजा भी खुलेगा. ईदगाह में नमाज से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त की गई है. दरगाह क्षेत्र और शहरभर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है. लोग ईद की खरीददारी में जुटे हुए हैं.
ईद से पहले खरीददारी बढ़ी, व्यापारी उत्साहित
दरगाह बाजार के व्यापारी उमेश ने बताया कि ईद को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले दरगाह बाजार में इस बार अच्छी खरीदारी हो रही है. उन्होंने कहा कि ग्राहक बड़ी संख्या में नए कपड़े, जूते और मिठाइयां खरीद रहे हैं, जिससे व्यापारियों में भी उत्साह हैं. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में ईद को लेकर खुशी का माहौल है. वहीं खरीदारी करने आए मोहम्मद नूरुद्दीन ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ ईद की तैयारी के लिए बाजार पहुंचे हैं और घर में त्योहार को लेकर खासा उत्साह है.
केसरगंज स्थित ईदगाह में भी तैयारियां पूरी
इधर, ईद की नमाज को लेकर केसरगंज स्थित ईदगाह परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है. दरगाह कमेटी के कर्मचारियों ने नमाज से पहले ईदगाह को पूरी तरह तैयार कर लिया है, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
खिदमत के वक्त दरवाजा किया जाएगा बंद
शहर काजी मौलाना तोसिफ एहमद सिद्दीकी ने जानकारी दी कि शुक्रवार को रमजान के आखिरी जुमे की नमाज दरगाह परिसर स्थित जामा मस्जिद और शाहजहानी मस्जिद सहित शहर की अन्य मस्जिदों में अदा की जाएगी.
उन्होंने बताया कि रमजान के इस पवित्र महीने में यह पांचवीं जुमे की नमाज होगी. साथ ही ईद के मौके पर शनिवार अल सुबह दरगाह शरीफ का जन्नती दरवाजा जियारत के लिए खोला जाएगा, जहां अकीदतमंद दरवाजे से होकर आस्ताना शरीफ पहुंचकर जियारत कर सकेंगे. खिदमत के समय दोपहर में यह दरवाजा पुनः बंद कर दिया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट, पश्चिमी विक्षोभ से तापमान में भारी गिरावट; किसानों की बढ़ी चिंता