बूंदी जिले के इंद्रगढ़ स्थित प्रसिद्ध बिजासन माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बन गया. मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार कोटा जिले के अयाना थाना क्षेत्र से श्रद्धालुओं का एक जत्था बिजासन माता के दर्शन करने इंद्रगढ़ पहुंचा था. श्रद्धालु अपने साथ रसोई का सामान भी लेकर आए थे. इसी दौरान मंदिर परिसर के पास एक दुकानदार और श्रद्धालुओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई.

वीडियो में महिलाएं भी नजर आ रही हैं
Photo Credit: NDTV
मंदिर के बाहर अफरा-तफरी
आरोप है कि दुकानदार ने श्रद्धालुओं के साथ मारपीट भी की, जिससे मौके पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं में भी हड़कंप मच गया. घटना के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. विवाद बढ़ने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी. इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वीडियो में दुकानदारों को डंडे चलाते देखा जा रहा है
Photo Credit: NDTV
घटना के बाद पीड़ित श्रद्धालु इंद्रगढ़ थाने पहुंचे और पूरे मामले की लिखित रिपोर्ट पुलिस को सौंपी. श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि उनके साथ बिना किसी वजह के अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट की गई. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
इधर, सूचना मिलने के बाद इंद्रगढ़ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस वायरल वीडियो की भी पड़ताल कर रही है और घटना के समय मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है.

बीच बाजार में झगड़े के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए थे
Photo Credit: NDTV
पुलिस की अपील
अधिकारियों का कहना है कि शिकायत, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. बिजासन माता मंदिर क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी देखने को मिल रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.
वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें तथा जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें.
ये भी पढ़ें-: पचपदरा का तेल बेचने के लिए खुलेंगे पेट्रोल पंप, सरकार ने यूनिवर्सिटी-कॉलेजों के जमीनों की जानकारी मांगी