Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ टी शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने अमूल ब्रांड की लगभग 30 हजार किलो एक्सपायरी सामग्री नष्ट करवाई.
11 फरवरी को हुई थी छापेमारी
खो नागोरियान इलाके में मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम पर 11 फरवरी को छापा मारा गया था. जांच के दौरान अमूल ब्रांड के एक्सपायरी नूडल्स केचअप म्योनीज सॉस और अन्य खाद्य उत्पाद बड़ी मात्रा में मिले थे. यह कार्रवाई 181 पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर की गई थी.
डेट मिटाकर नई तारीख छापने की तैयारी
टीम को मौके पर पता चला कि अवधिपार हो चुकी सामग्री की एक्सपायरी डेट मिटाकर नई तारीख प्रिंट करने की तैयारी चल रही थी. पैकेट्स में सॉसेज म्योनीज एनर्जी ड्रिंक केचअप सहित कई उत्पाद शामिल थे. मामला गंभीर होने पर पूरे गोदाम को सील कर दिया गया था.
छह ट्रकों में भरकर कचरागाह पहुंचाया
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ मनीष मित्तल ने बताया कि फर्म मालिक गगन आहूजा ने नगर निगम से नष्टीकरण की स्वीकृति आदेश प्रस्तुत किए. इसके बाद टीम ने गोदाम खुलवाया और छह ट्रकों में भरकर एक्सपायरी सामग्री को मथुरादास कचरागाह ले जाकर नष्ट करवाया. कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर माल के अमूल ब्रांड का होने की पुष्टि भी की.
अधिक माल मिला, गोदाम सील
निरीक्षण के दौरान टीम को और भी अधिक मात्रा में अवधिपार सामग्री मिली है. उच्च अधिकारियों के निर्देश पर शेष सामग्री को सोमवार को नष्ट किया जाएगा. तब तक गोदाम को दोबारा सील कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें- नागौर: जमीन विवाद में चाचा बना हैवान, 10 साल के भतीजे की गला घोंटकर हत्या