Rajasthan News: राजस्थान के नागौर जिले के खींवसर थाना क्षेत्र के कुड़छी गांव में जमीन विवाद के चलते एक चाचा ने अपने ही 10 साल के भतीजे की हत्या कर दी. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया.
गाय ढूंढने के बहाने ले गया साथ
पुलिस के अनुसार 19 फरवरी को दोपहर करीब 3:30 बजे 10 वर्षीय पोकरराम घर से निकला था. देर शाम तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की. अगले दिन उसका शव गांव से दूर कांकड़ की झाड़ियों में मिला. जांच के दौरान शक के आधार पर पुलिस ने 28 वर्षीय खरता राम को हिरासत में लिया.
सख्ती से पूछताछ में टूटा आरोपी
खींवसर थाना अधिकारी रामनारायण भंवरिया ने बताया कि आरोपी पहले पूछताछ में गुमराह करता रहा. लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो उसने अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपी ने बताया कि वह बच्चे को गाय ढूंढने के बहाने गांव से दूर ले गया और रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद वह चुपचाप गांव लौट आया और दिखावे के लिए खोजबीन में भी शामिल रहा.
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिला जिसमें आरोपी बच्चे के आसपास नजर आया. इसी आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और पूरे मामले का खुलासा हुआ. आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार मृतक का पिता कचराराम आरोपी का सगा चाचा है. आरोपी के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था. घर और जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. आरोपी का आरोप था कि उसे हिस्से की जमीन पूरी नहीं दी जा रही थी और उसकी पत्नी के गहने भी चाचा ने रख लिए थे. पारिवारिक तनाव के कारण उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी. इसी रंजिश में उसने मासूम को निशाना बनाया.
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर धरना दिया. पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ. शाम को गांव में बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया गया. इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है.
यह भी पढ़ें- RGHS योजना में करोड़ों की धोखाधड़ी, SOG की बड़ी कार्रवाई; 6 सरकारी डॉक्टरों और डायग्नोस्टिक सेंटर पर FIR