विज्ञापन

जयपुर में आज जुटेंगे 20 से अधिक देशों के आर्किटेक्ट्स, 'इंडिया स्टोनमार्ट-2026' की होगी शुरुआत

इस प्रदर्शनी में नई मशीनरी, ऑटोमेशन, ग्रीन टेक्नोलॉजी, डिजाइन-आधारित स्टोन एप्लीकेशन, आर्किटेक्चर व इंटीरियर ट्रेंड्स पर विशेष सत्र आयोजित होंगे.

जयपुर में आज जुटेंगे 20 से अधिक देशों के आर्किटेक्ट्स, 'इंडिया स्टोनमार्ट-2026' की होगी शुरुआत
प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी देते उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़.

India Stonemart 2026: जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आज चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी 'इंडिया स्टोनमार्ट-2026' की शुरुआत होगी. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह 10 बजे मुग्धा कन्वेंशन हॉल में इसका उद्घाटन करेंगे. करीब 25 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली प्रदर्शनी में कुल 539 स्टॉल लगाई जाएंगी. इसमें 20 से अधिक देशों से आए खरीदार और आर्किटेक्ट्स भाग लेंगे. यह मेगा प्रदर्शनी 8 फरवरी तक चलेगी. इसका उद्देश्य माइनिंग, प्रोसेसिंग, डिजाइन, मशीनरी, टेक्नोलॉजी, एक्सपोर्ट और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े सभी पहलू पर विमर्श रहेगा.  

उद्यमियों को खरीदादरों से सीधी मुलाकात का मौका

इस प्रदर्शनी के जरिए MSME और छोटे स्टोन उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधी मुलाकात का सुनहरा मौका मिलेगा. नई मशीनरी, ऑटोमेशन, ग्रीन टेक्नोलॉजी, डिजाइन-आधारित स्टोन एप्लीकेशन, आर्किटेक्चर व इंटीरियर ट्रेंड्स पर विशेष सत्र आयोजित होंगे. इसके अलावा रोजगार सृजन, स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप संभावनाओं पर गहन चर्चा होगी. यह प्रदर्शनी राजस्थान को वैश्विक स्टोन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी, जहां व्यापारिक सौदे, तकनीकी ज्ञान और नेटवर्किंग के नए द्वार खुलेंगे.

प्रमुख उद्योग प्रतिनिधि होंगे शामिल

कार्यक्रम में उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास, आरके मार्बल्स के अध्यक्ष अशोक पाटनी, अयोध्या रामलला मूर्ति के शिल्पकार अरुण योगीराज, RIICO अधिकारी और प्रमुख उद्योग प्रतिनिधि शामिल होंगे. इस दौरान सीडॉस लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी प्रदान किए जाएंगे, जो स्टोन उद्योग के दिग्गजों को सम्मानित करेगा।.

पहली बार 26 भाषा में लॉन्च होगी वेबसाइट

इस साल डिजिटल नवाचार करते हुए पहली बार 26 भाषाओं में वेबसाइट लॉन्च होगी. मोबाइल ऐप पर वर्चुअल स्टॉल की सुविधा से दूर बैठे खरीदार स्टॉल घूम सकेंगे. स्टोनमार्ट के दौरान छात्रों के लिए विशेष कॉम्पिटिशन आयोजित होंगे. स्टोन इंडस्ट्री व आध्यात्मिक संस्थानों के साथ सहयोग से स्किल डेवलपमेंट पर फोकस किया जाएगा. 

ये रहेगा मुख्य आकर्षण

'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' पैवेलियन में राजस्थान के हर जिले की विशेषताओं को प्रदर्शित करने वाला विशेष पवेलियन भी मुख्य आकर्षण बनेगा.  राजस्थान उद्योग विकास एवं निवेश प्रोत्साहन निगम (RUDA) की ओर से शिल्पग्राम लगाया जाएगा. यहां पारंपरिक शिल्पकार और हस्तशिल्प उद्यमी अपनी कला का लाइव प्रदर्शन देंगे, जिससे दर्शक स्टोन आर्ट की बारीकियां सीख सकेंगे.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में थमी पश्चिमी विक्षोभ की हलचल, बाड़मेर में गर्मी तो फतेहपुर में ठिठुरन, अगले 48 घंटे भारी

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close