Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां दहेज के लालच ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) में एक्सईएन के पद पर तैनात गौतम मीणा पर अपनी पत्नी अनु मीणा को मौत के लिए मजबूर करने का गंभीर आरोप लगा है. इस घटना को लेकर मृतका बेटी बताती है कि कई बार पापा-मम्मी में लड़ाई होती थी. एक बार तो शादी में ही लड़ाई हो गई थी. तब पापा ने बहुत कुछ मम्मी को बोला था. मारपीट करते थे. हम ऊटी घूमने गए थे तब भी लड़ाई हुई थी.
सुसाइड से पहले पति को वीडियो कॉल
जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल को अनु मीणा ने इस सब से परेशान होकर आत्महत्या कर की. आत्महत्या करने से पहले उसने पति को वीडियो कॉल किया. और वीडियो कॉल पर खुद को फांसी लगा ली. इसके बाद आस पड़ोस के लोग पहुंचे. परिजनों को बुलाया. उन्होंने उसे नीचे उतारा और सीपीआर देकर बचाने की कोशिश भी की. लेकिन सब कोशिश नाकाम रही.

फोन से खुला राज
घटना के कई दिन बाद तक परिवार कुछ समझ नहीं पाया. इसके बाद बेटे माहिर ने मां का फोन खोला. उसमें कुछ वीडियो निकाले जिसमें झगड़े की वीडियो थी. अनु ने कार के अंदर एक वीडियो बनाई थी जिसमें गौतम उसे अपशब्द कहता हुआ साफ सुनाई दे रहा है. वीडियो में गौतम अनु के परिवार और उसे गाली दे रहा है.
दहेज के लिए रोज मारपीट
साल 2015 में अनु का विवाह गौतम मीणा के साथ धूमधाम से हुआ था. परिवार का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग करते रहे. लाखों रुपये और गहने देने के बावजूद पति की भूख शांत नहीं हुई. आरोप है कि गौतम अक्सर नशे में अनु के साथ मारपीट करता और उन्हें घर से निकालने व दूसरी शादी करने की धमकियां देता था. अनु को पति के शक और मानसिक प्रताड़ना ने अंदर से तोड़ दिया था.
खौफ के साये में बीती जिंदगी
मृतका के भाई ने बताया कि अनु लंबे समय से मानसिक तनाव और खौफ में जी रही थी. मार्च 2026 में पति द्वारा घर में गैस छोड़कर जान लेने की कोशिश की घटना ने अनु को बुरी तरह डरा दिया था. अपनी जान को लगातार खतरा महसूस कर रही अनु ने अंततः 7 अप्रैल 2026 को मौत को गले लगा लिया. मरने से पहले उसने परिजनों को अपनी व्यथा बताते हुए कई संदेश भी भेजे थे.
नाना-नानी ने मांगी बच्चों की सुरक्षा
अनु अपने पीछे 10 वर्षीय बेटा और 8 वर्षीय बेटी छोड़ गई है. बच्चों ने भी अपने पिता द्वारा मां को प्रताड़ित करने की बात परिजनों को बताई है. मां को खोने के बाद बच्चे गहरे सदमे में हैं और अपने पिता से डर रहे हैं. अब अनु के नाना रोहिताश मीणा और नानी माया देवी ने बच्चों की कस्टडी की मांग की है ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रह सके.
मानसरोवर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 128 एवं 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब कॉल डिटेल्स, वीडियो रिकॉर्डिंग और साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- NEET UG Re-Exam 2026: एग्जाम सेंटर पर जैमर, OMR शीट... नीट परीक्षा के लिए राजस्थान में कितनी सख्त तैयारी?
| Helplines | |
|---|---|
| Vandrevala Foundation for Mental Health | 9999666555 or help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (Monday-Saturday: 8 am to 10 pm) |
| (If you need support or know someone who does, please reach out to your nearest mental health specialist.) | |