विज्ञापन

जैसलमेर में 'हवाई लॉकडाउन', 28 मार्च के बाद नहीं उड़ेगा एक भी विमान, पर्यटन उद्योग की टूटी कमर!

जैसलमेर के लिए बुरी खबर! 28 मार्च के बाद स्वर्णनगरी से दिल्ली, मुंबई, जयपुर और बेंगलुरु की सभी 6 फ्लाइट्स बंद हो जाएंगी. समर शेड्यूल में नाम न होने से पर्यटन और बिजनेस ठप होने की कगार पर है.

जैसलमेर में 'हवाई लॉकडाउन', 28 मार्च के बाद नहीं उड़ेगा एक भी विमान, पर्यटन उद्योग की टूटी कमर!
NDTV Reporter

Rajasthan News: जैसलमेर के लिए वो पुरानी कहावत एक बार फिर हकीकत बनने जा रही है- 'घोड़ा कीजै काठ का, पग कीजै पाषाण...'. ऐसा इसलिए क्योंकि 28 मार्च के बाद स्वर्णनगरी का हवाई संपर्क देश के बड़े शहरों से पूरी तरह टूटने वाला है. समर शेड्यूल में किसी भी एयरलाइन ने जैसलमेर को शामिल नहीं किया है, जिसके बाद अब यहां का एयरपोर्ट पूरी तरह शांत रहने वाला है.

6 फ्लाइट्स होंगी बंद, बुकिंग्स कैंसल!

स्वर्णनगरी से फिलहाल दिल्ली, मुंबई, जयपुर और बेंगलुरु के लिए कुल 6 नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं. 29 मार्च से लागू होने वाले नए शेड्यूल में जैसलमेर का नाम गायब है. एयरलाइंस ने हर साल की तरह तापमान बढ़ने और पर्यटकों की कमी का हवाला दिया है, लेकिन हकीकत कुछ और ही है. वर्तमान में भी इन फ्लाइट्स में 60 से 70 प्रतिशत यात्री भार मिल रहा है.

रिसोर्ट मालिकों और टूरिस्ट गाइड्स के मुताबिक, फ्लाइट्स बंद होने की खबर सुनते ही अप्रैल के टूर ग्रुप्स ने अपनी बुकिंग्स कैंसल करानी शुरू कर दी हैं.

रिकॉर्ड तोड़ यात्रियों के बाद भी 'कैंची'  क्यों?

हैरानी की बात यह है कि विंटर शेड्यूल 2025-26 के दौरान जैसलमेर एयरपोर्ट ने इतिहास रचा है. अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक लगभग 80,000 यात्रियों ने यहां आवाजाही की. मार्च के पहले हफ्ते तक फ्लाइट्स फुल थीं, फिर भी समर सीजन के लिए कनेक्टिविटी का बंद होना समझ से परे है.

वेडिंग और मूवी इंडस्ट्री पर बड़ा प्रहार

जैसलमेर अब केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि इंटरनेशनल डेस्टिनेशन बन चुका है. यहां होने वाली हाई-प्रोफाइल वेडिंग्स, प्री-वेडिंग शूट्स और बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग के लिए हवाई कनेक्टिविटी रीढ़ की हड्डी है. फ्लाइट्स बंद होने से होटल, टैक्सी और गाइड व्यवसाय पर सीधा असर पड़ेगा. 

दिल्ली से आए पर्यटकों का भी कहना है कि ट्रेन में समय अधिक लगता है और बिना फ्लाइट के टूर प्लान करना मुश्किल होगा.

नाइट टूरिज्म का सपना कैसे होगा पूरा?

एक तरफ राजस्थान सरकार समर और नाइट टूरिज्म को प्रमोट करने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ इंटरनेशनल डेस्टिनेशन की एयर कनेक्टिविटी छीन ली गई है. अब सवाल यह है कि बिना कनेक्टिविटी के सरकार का यह प्रमोशन धरातल पर कैसे उतरेगा?

ये भी पढ़ें:- मदन दिलावर की पदयात्रा का दूसरा दिन: ग्रामीणों के बीच पहुंचे शिक्षा मंत्री, मौके पर ही हुआ फैसला

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close