विज्ञापन

बिना फिटनेस सर्टिफिकेट दौड़ रही थी स्कूल बस, पल में हो गई खाक, बाल-बाल बचे बच्चे

जैसलमेर में जिस स्कूल बस में मंगलवार सुबह आग लग गई उसके बारे में चौंकाने वाली बात सामने आई है.

बिना फिटनेस सर्टिफिकेट दौड़ रही थी स्कूल बस, पल में हो गई खाक, बाल-बाल बचे बच्चे
स्कूल बस से जली कॉपी-किताब बाहर निकालते बचावकर्मी
NDTV

जैसलमेर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया. जिले के धऊवा गांव के पास एक चलती स्कूल बस अचानक आग की लपटों में घिर गई. इस बस में 16 स्कूली बच्चे सवार थे. हालांकि पहले यह संख्या 20 से ज्यादा बताई गई थी. गनीमत रही कि इंजन से धुआं उठते ही ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाई और बस को सड़क किनारे रोक दिया और आनन-फानन सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. यह घटना कितनी गंभीर हो सकती है इसका अंदाजा इससे मिल सकता है कि बच्चों के उतरने के कुछ ही मिनट बाद बस धू-धू कर जलने लगी और देखते ही देखते पूरी तरह आग की चपेट में आ गई.

शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट पर शक

एसएम पब्लिक स्कूल की बस पिथला गांव से बच्चों को लेकर डाबला रोड की ओर जा रही थी. बताया जा रहा है कि धऊवा गांव के पास सड़क पर बने गड्ढे में बस का अगला पहिया आने से अचानक झटका लगा. इसके बाद इंजन वाले हिस्से से धुआं उठने लगा. कुछ ही देर में आग की लपटें निकलने लगीं. शुरुआती जांच में वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है.

बस थोड़ी ही देर में लपटों में घिर गई

बस थोड़ी ही देर में लपटों में घिर गई
Photo Credit: NDTV

नगर परिषद के अग्निशमन अधिकारी कृष्णपाल सिंह के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे बस में आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही 2 से 3 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. बस में रखे बच्चों के स्कूल बैग, कॉपी-किताबें और अन्य सामान भी जल गए.

बस की जांच करते अधिकारी

बस की जांच करते अधिकारी
Photo Credit: NDTV

फिटनेस पर सवाल

हादसे में सबसे गंभीर सवाल बस की फिटनेस को लेकर उठ रहा है.बस का फिटनेस प्रमाणपत्र 29 जुलाई 2026 को ही एक्सपायर हो चुका था. यानी फिटनेस खत्म होने के करीब 13 दिन बाद भी बस बच्चों को लेकर सड़क पर दौड़ रही थी.परिवहन विभाग अब बस के दस्तावेजों और हादसे के कारणों की जांच कर रहा है.

जिला परिवहन कार्यालय के अधिकारी टीकूराम ने एनडीटीवी फोन पर बताया कि जैसलमेर में पिछले नवंबर से फिटनेस का काम बंद है और यह प्रक्रिया अब जोधपुर में की जा रही है. उन्होंने कहा कि बस के अन्य दस्तावेज पूरे बताए गए हैं, लेकिन फिटनेस की वैधता खत्म होने के बावजूद बस के संचालन को लेकर जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें-: जैसलमेर में आग का गोला बनी चलती स्कूल बस, ड्राइवर ने समय रहते बच्चों को बचाया; जल गईं किताबें

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close