विज्ञापन

दिल्ली के एजेंट का जोधपुर में बड़ा खेल, कनाडा भेजने का सपना दिखाकर ठगे 4 लाख रुपये

राजस्थान जोधपुर में कनाडा वर्क वीजा दिलाने के नाम पर 4 लाख की ठगी का मामला सामने आया है. फर्जी जॉब ऑफर और नकली दस्तावेजों से युवक को ठगा गया. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

दिल्ली के एजेंट का जोधपुर में बड़ा खेल, कनाडा भेजने का सपना दिखाकर ठगे 4 लाख रुपये
जोधपुर में कनाडा वर्क वीजा दिलाने के नाम पर 4 लाख की ठगी का मामला सामने आया है.

Rajasthan News: राजस्थान की न्यायिक राजधानी जोधपुर से धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां कनाडा में वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 4 लाख रुपए की ठगी की गई. इस मामले में खांडा फलसा थाना पुलिस ने दिल्ली के एक इमीग्रेशन एजेंट के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

फर्जी वीजा का झांसा देकर वसूले पैसे

पीड़ित कमल पुरोहित ने बताया कि वह विदेश में नौकरी करना चाहता था. वर्ष 2023 में उसकी पहचान दिल्ली के प्रीतमपुरा निवासी कुणाल टैंक से हुई, जो अपनी इमीग्रेशन फर्म के जरिए विदेश भेजने का दावा करता था. आरोपी ने कनाडा में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर दो किस्तों में 4 लाख रुपए ले लिए.

नकली कंपनी और फर्जी दस्तावेजों का खेल

आरोपी ने पीड़ित को कनाडा की एक कंपनी में नौकरी का ऑफर दिखाया और ईमेल व व्हाट्सएप के जरिए फर्जी लेटरहेड और दस्तावेज भेजे. भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने मेडिकल और पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी करवाई. इसके बाद पीड़ित से पासपोर्ट, आधार कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज ले लिए.

पैसे मांगने पर धमकाने लगा आरोपी

जब लंबे समय तक वीजा नहीं मिला तो पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे. इस पर आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और उल्टा भड़क गया. ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने न्यायालय का सहारा लिया.

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला

खांडा फलसा थाना पुलिस ने न्यायालय के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318, 316 और 236 के तहत मामला दर्ज किया है. जांच अधिकारी एएसआई मनोहर लाल ने बताया कि पीड़ित के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पीड़ित कमल पुरोहित का कहना है कि उसे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि उसे उसके पैसे वापस मिलेंगे और आरोपी को सजा मिलेगी.

यह भी पढ़ें- गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों के बलिदान की गाथा सुन रो पड़ीं नौक्षम चौधरी, गुरुद्वारे में छलके आंसू

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close