जोधपुर के मंडोर थाना क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो रविवार (14 जून) देर रात का बताया जा रहा है. शराब पीने के मामले को लेकर दो पक्ष भिड़ गए और थाने में जमकर हंगामा हुआ. जानकारी के अनुसार, देर रात मंडोर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को शराब पीते हुए पकड़ा. पुलिस का कहना है कि युवक मोटरसाइकिल पर बैठकर शराब पी रहा था, जिसके बाद उसे थाने लाया गया. जबकि परिजनों का आरोप है कि उनके पति बार के अंदर बैठकर शराब पी रहे थे.
युवक की पत्नी और बेटे ने जताया विरोध
युवक की पत्नी और बेटा थाने पहुंचे. उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया. परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने युवक के साथ मारपीट की, उसके पर्स से 8 हजार रुपये निकाल लिए. वहीं पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है. परिजन गाड़ी और थाने में लगे कैमरों के सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग कर रहे थे. काफी देर तक चले हंगामे के बाद थाना अधिकारी ने परिजनों को समझाइश कर शांत कराया. पुलिस ने शराब के नशे में मिले अधेड़ व्यक्ति को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी थाना क्षेत्र की सीएलजी सदस्य भी हैं.
शराब ठेकेदारों का भी पुलिस पर फूटा था गुस्सा
गौरतलब है कि राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के बाद आबकारी विभाग और पुलिस विभाग द्वारा रात 8 बजे बाद शराब बिक्री रोकने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की कार्यवाही के खिलाफ पिछले दिनों शराब ठेकेदारों ने भी आधा दिन दुकान बंद रखकर विरोध जताया था.
हाईकोर्ट का फैसला, पुलिस उलझन में
जोधपुर पुलिस कमिश्नर द्वारा ली गई क्राइम मीटिंग में सख्त आदेश दिए थे कि सभी अधिकारियों को हाई कोर्ट की पालना करनी है. वायरल वीडियो के बाद महकमे में चर्चा तेज है. क्योंकि पुलिस को कार्रवाई के दौरान हंगामा झेलना पड़ रहा है. जबकि कार्रवाई नहीं करने की स्थिति में हाईकोर्ट की अवमानना की आशंका है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान के 15 जिलों में बारिश का अलर्ट, जानिए मानसून कब देगा दस्तक