जोधपुर: बालिका स्कूल के लिए सरपंच ने पकड़े मदन दिलावर के पांव, खफा हुए मंत्री बोले- अब तो बिल्कुल नहीं करूंगा

राजस्थान के जोधपुर में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के सामने बालिका शिक्षा को लेकर पूर्व सरपंच गोपाराम कड़वासरा द्वारा बालिका स्कूल की मांग की गई. इस दौरान उन्होंने मंत्री के पांव पकड़ लिए. जिससे मंत्री दिलावर नाराज हो गए. 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
जोधपुर में पूर्व सरपंच ने शिक्षा मंत्री दिलवार के पांव पकड़ लिए.

Rajasthan News: राजस्थान में जोधपुर जिले के प्रभारी और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर गुरुवार को बनाड़ के अमृत सरोवर पर "वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान" के शुभारंभ समारोह में पहुंचे. लेकिन समारोह के दौरान बालिका शिक्षा और पेयजल की समस्याओं को लेकर उठी जनता की गुहार ने माहौल को गरमा दिया. यहां एक अजीब घटना सामने आई जिसमें एक पूर्व सरपंच ने मंत्री के पैर पकड़ लिए. जिसके बाद मंत्री नाराज दिखें.

पांव पकड़ने पर भड़के मंत्री

दरअसल इस कार्यक्रम में बनाड़ के पूर्व सरपंच गोपाराम कड़वासरा ने बालिका स्कूल को अलग करने की मांग रखी. अपनी बात कहते हुए उन्होंने मंत्री के पांव पकड़ लिए. इससे नाराज़ दिलावर ने कहा "अब तो बिल्कुल नहीं करूंगा." कड़वासरा ने माफी मांगने के लिए कान पकड़ने की कोशिश की, लेकिन मंत्री ने साफ कहा "ऐसे जल्दी माफी नहीं मिलेगी."

Advertisement

कड़वासरा का कहना है कि पहले बनाड़ में बालिका स्कूल अलग था, लेकिन अब भाजपा सरकार में इसे मिला दिया गया. उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार को बालिकाओं की शिक्षा के लिए अलग स्कूल और फंड क्यों नहीं देना चाहिए.

पानी की समस्या ने बढ़ाया तनाव

इसी दौरान बनाड़ की महिलाएं पेयजल की भारी किल्लत को लेकर मंत्री से मिलने पहुंचीं. लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. नाराज़ महिलाओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर मटके लेकर "पानी दो, पानी दो" के नारे लगाए.

महिलाओं ने बताया कि उनके क्षेत्र में लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या है. लोग महंगे दामों पर टैंकर खरीदने को मजबूर हैं. वे मंत्री से समाधान की उम्मीद लेकर आई थीं, लेकिन उन्हें मिलने का मौका नहीं दिया गया.

लोगों में नाराज़गी, सरकार पर सवाल

इस घटना ने स्थानीय लोगों में नाराज़गी पैदा कर दी है. कड़वासरा ने कहा कि मंत्री का व्यवहार समझ से परे है. बालिका शिक्षा और पानी जैसी बुनियादी समस्याओं पर ध्यान देना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए. वहीं, महिलाओं का कहना है कि उनकी आवाज़ को दबाया जा रहा है. यह घटना जोधपुर में चर्चा का विषय बन गई है. 

Advertisement

सरकार जल्द करें मांगों का समाधान

लोगों की मांग है कि सरकार उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करे. अब देखना यह है कि शिक्षा और पानी जैसे अहम मुद्दों पर सरकार क्या कदम उठाती है.

यह भी पढ़ें- झुंझुनूं: एक और जवान ने तोड़ा दम,  सैन्य सम्मान के साथ अंतिम हुई विदाई; 8 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि

Advertisement