आजादी के बाद भी राजस्थान के इस गांव की हो रही अनदेखी, जिला बनने के 29 साल बाद मिला फंड... क्या बदलेगी तस्वीर?

राजस्थान में करौली जिले के बुगडार गांव को आखिरकार 5 करोड़ रुपये की सड़क और पुलिया निर्माण की सौगात मिली है. एनडीटीवी की ग्राउंड रिपोर्ट और विधानसभा में मामला उठने के बाद बजट 2025-26 में स्वीकृति मिली. ग्रामीणों में खुशी की लहर है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
करौली जिले के बुगडार गांव को 5 करोड़ रुपये की सड़क और पुलिया निर्माण की सौगात मिली है.

Rajasthan News: राजस्थान के करौली जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर लांगरा क्षेत्र का  गांव आजादी के बाद भी सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित था. बरसात आते ही गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से पूरी तरह कट जाता था. बुगडार नदी पर बनी नीची पुलिया पानी में डूब जाती और कई दिनों तक आवाजाही बंद रहती थी.

बारिश में बन जाता था टापू

तेज बहाव के कारण 2 से 3 दिन तक रास्ता बंद रहता था. स्कूल जाने वाले बच्चे घर में ही रुक जाते और पढ़ाई प्रभावित होती थी. किसी की तबीयत खराब होने पर अस्पताल ले जाना मुश्किल हो जाता था. किसानों को खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी उठानी पड़ती थी. महिलाओं के लिए रोजमर्रा के काम भी चुनौती बन जाते थे. ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी तेज बहाव में एक युवक की जान जा चुकी है.

ग्राउंड रिपोर्ट से खुली प्रशासन की आंख

बरसात के दौरान जब NDTV की टीम गांव पहुंची और हालात को प्रमुखता से दिखाया तो मामला चर्चा में आया. इसके बाद बजट सत्र 2025-26 में हंसराज बालोती ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया. लगातार मांग के बाद सरकार ने सड़क और पुलिया निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी.

3 किलोमीटर सड़क और नई पुलिया बनेगी

बुगडार नदी से मेन बहर का पुरा तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क और पुलिया का निर्माण किया जाएगा. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क ऊंचाई लेकर और मजबूत बनाई जाए ताकि भविष्य में बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या न हो.

Advertisement

ग्रामीणों में खुशी और उम्मीद

विधायक ने स्वीकृति मिलने पर राज्य सरकार का आभार जताया. गांव के लोगों ने विधायक और मीडिया टीम का धन्यवाद किया है. ग्रामीणों को उम्मीद है कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण से सैकड़ों परिवारों को राहत मिलेगी और बच्चों की पढ़ाई तथा आम जनजीवन सुचारू रहेगा.

यह भी पढ़ें- राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में झोलाछाप डॉक्टरों का खेल, इलाज के नाम पर लोगों की जान से खिलवाड़

Advertisement