विज्ञापन

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार को ट्रक ने मारी टक्कर, बालाजी दर्शन कर लौट रहे पांच श्रद्धालु घायल

राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम बड़ा सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक कार पलट गई. कार में सवार बालाजी दर्शन कर लौट रहे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार को ट्रक ने मारी टक्कर, बालाजी दर्शन कर लौट रहे पांच श्रद्धालु घायल
राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम बड़ा सड़क हादसा हुआ

Rajasthan News: राजस्थान के अलवर जिले के बड़ौदामेव क्षेत्र में स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. इंदपुर और मालपुर गांव के बीच चैनल नंबर 89+000 के पास शाम करीब 6 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी.

बताया जा रहा है कि कार जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने साइड से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार नियंत्रण खो बैठी और पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी.

पांच लोग गंभीर रूप से घायल

इस हादसे में कार में सवार पांच लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान रमेश (47) पुत्र बुलचंद, गगन सिंघल (40) पुत्र अनिल, परवीन गोयल (48) पुत्र सत्यप्रकाश, मुकेश गोयल (42) पुत्र बलराज गोयल और अंकित राणा (35) पुत्र शहनसेपाल के रूप में हुई है.

सभी घायल उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर निवासी बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी.

एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल

घटना की जानकारी मिलते ही एनएचएआई की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौदामेव पहुंचाया गया.

अस्पताल में ड्यूटी इंचार्ज डॉ धीरेंद्र खंडेलवाल ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. डॉक्टरों के अनुसार कुछ लोगों की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण परिजन उन्हें आगे बेहतर इलाज के लिए निजी वाहन से मोदीनगर गाजियाबाद ले गए.

बालाजी दर्शन कर लौट रहे थे सभी

बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग बालाजी मंदिर के दर्शन कर अपने घर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हो गया और उनकी यात्रा हादसे में बदल गई.

अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए. एक साथ पांच गंभीर घायलों के पहुंचने के समय अस्पताल में केवल एक नर्सिंग स्टाफ अशोक नीरज ही मौजूद थे. उन्होंने अकेले ही सभी घायलों का इलाज संभालना, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है. 

यह भी पढ़ें- Rajasthan: राजस्थान TSP क्षेत्र में आरक्षण पर रार, विजय बैंसला ने CM को लिखा पत्र, उठाई आरक्षण की मांग

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close