विज्ञापन

220 फीट ऊंची पानी की टंकी पर फंसा बंदर, 6 दिन से रेस्क्यू नाकाम; व‍िशेष टीम को बुलाया  

बंदर सुरक्षित नीचे उतर आए, इसके ल‍िए गांव के लोग प्रार्थना कर रहे हैं. बंदर को खाने के ल‍िए केला और पानी पहुंचाया गया है, जिससे वह भूखा न रहे. 

220 फीट ऊंची पानी की टंकी पर फंसा बंदर, 6 दिन से रेस्क्यू नाकाम; व‍िशेष टीम को बुलाया  
चूरू में 6 दिन से बंदर पानी की टंकी पर फंसा हुआ है.

चूरू के भानीपुरा थाना क्षेत्र के गांव रातूसर में एक बंदर पिछले 6 दिनों से करीब 220 फीट ऊंची पानी की टंकी पर फंसा हुआ है. लगातार प्रयासों के बावजूद अब तक उसे सुरक्षित नीचे नहीं उतारा जा सका है. बंदर की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है. गांव के लोग उसे सुरक्षित नीचे उतारने के ल‍िए प्रर्थना कर रहे हैं. आज बंदर को नीचे उतारने के ल‍िए व‍िशेष टीम को बुलाया गया है. 

9 फरवरी को टंकी पर चढ़ा बंदर

रातूसर गांव में आपणी योजना के तहत 220 फीट ऊंची पानी की टंकी बनी है. जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी को एक बंदर टंकी पर चढ़ गया था. शुरुआत में ग्रामीणों ने इसे सामान्य घटना समझा, लेकिन जब 3 दिन तक बंदर नीचे नहीं उतरा, तब लोगों को उसके फंसे होने का अंदेशा हुआ. 

भूखा-प्यासा देखकर बढ़ी चिंता

12 फरवरी तक बंदर के ऊपर ही बैठे रहने के बाद ग्रामीणों ने उसे उतारने के प्रयास शुरू किए. कुछ ग्रामीण रस्सियों के सहारे टंकी पर चढ़े, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद बंदर के लिए ऊपर केले और पानी पहुंचाया गया, ताकि वह भूखा-प्यासा न रहे. 

वन विभाग और ग्रामीणों के प्रयास रहे विफल

13 फरवरी को मामले की सूचना वन विभाग को दी गई. विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संसाधनों की कमी के चलते रेस्क्यू सफल नहीं हो सका. 14 फरवरी को ग्रामीणों ने अपने स्तर पर फिर प्रयास किया. सत्यपाल, राकेश, किशन लाल सहित सात युवाओं ने रस्सियों से सीढ़ीनुमा व्यवस्था बनाकर पिंजरा ऊपर तक पहुंचाया. पिंजरे में केला और अन्य खाद्य सामग्री रखी गई, लेकिन बंदर उसमें भी नहीं गया. 

आज सुजानगढ़ से आएगी रेस्क्यू टीम

ग्राम पंचायत प्रशासक (सरपंच) बिमला स्वामी ने बताया कि पंचायत स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. अब रेस्क्यू के लिए सुजानगढ़ से विशेष टीम बुलाई गई है. रविवार को टीम के पहुंचते ही बंदर के सुरक्षित रेस्क्यू की उम्मीद जताई जा रही है. 

देखने उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

मामले की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. पानी की टंकी के नीचे ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है, और सभी बंदर को सुरक्षित नीचे उतारे जाने की प्रार्थना कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: महाश‍िवरात्र‍ि पर डीडवाना में सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी परंपरा, मुस्‍ल‍िमों ने नाथ महंत का किया स्‍वागत 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close