राजस्थान में पिछले एक सप्ताह से सुस्त पड़ा मानसून फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 29 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. शुक्रवार को भरतपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में दोपहर बाद मौसम बदला. कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलीं. बारिश के चलते जयपुर, दौसा समेत कई शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई.
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश का दौर 15 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है. हालांकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है. यहां कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है.
कई जिलों में 2 इंच तक बारिश
पिछले 24 घंटे में जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, सीकर, बूंदी, बारां और झालावाड़ में कई स्थानों पर बारिश हुई. सबसे ज्यादा बारिश अलवर के कोटकासिम में 45 मिमी रिकॉर्ड की गई. तेज बारिश के कारण अलवर, सवाई माधोपुर और दौसा के कुछ इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया. बारिश से गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली.
लो-प्रेशर सिस्टम से बढ़ी बारिश की गतिविधियां
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश से लगे क्षेत्र में सक्रिय है. इसके अगले 24 घंटे में मध्य भारत से होते हुए पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है. इसके प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं.
बीकानेर में तापमान 40 डिग्री पार
उधर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में बारिश थमने और पश्चिमी हवाएं चलने से गर्मी बढ़ गई. शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बीकानेर में 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. चूरू और श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
यह भी पढ़ें: राजस्थान निकाय चुनाव में बंपर वोटिंग, जानें 6 नगर निगमों का हाल, कहां- कितने फीसदी मतदान