MP के व्यक्ति ने राजस्थान की वन भूमि पर लगाई अवैध अफीम, पुलिस ने सीज किए 2226 पौधे

राजस्थान के बारां जिले में वन भूमि पर अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने मध्य प्रदेश के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर 2226 अफीम के पौधे जब्त किए हैं. फसल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. रिपोर्ट- अर्जुन अरविन्द

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बारां जिले में वन भूमि पर अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा हुआ है.

Rajasthan News: राजस्थान के बारां जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन भूमि पर उगाई जा रही अवैध अफीम की फसल पकड़ी है. यह कार्रवाई मध्य प्रदेश की सीमा से सटे इलाके में की गई. पुलिस ने झाला माल वन क्षेत्र में छापा मारकर 2226 अफीम के पौधे जब्त किए जिन पर डोडे भी आ चुके थे.

सरसों की फसल के बीच छिपाई थी खेती

जांच में सामने आया कि आरोपी ने सरसों की फसल के बीच अफीम बो रखी थी ताकि किसी को शक न हो. सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी फसल को सीज कर दिया. पुलिस के अनुसार आरोपी एक बार डोडों पर चीरा लगाकर अफीम का उत्पादन भी ले चुका था.

मध्य प्रदेश का आरोपी गिरफ्तार

पाली थाना प्रभारी विष्णु पंकज ने बताया कि इस मामले में मध्य प्रदेश के गुना जिले के तलवाड़ा निवासी 52 वर्षीय धन्नालाल बंजारा को गिरफ्तार किया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है कि वह अफीम के बीज कहां से लाया और तैयार माल की सप्लाई कहां करता था.

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देश और डीएसपी शताराचंद के सुपरविजन में की गई. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस डोडा चीरा से निकाले गए प्रोडक्शन की बरामदगी के प्रयास में भी जुटी है.

Advertisement

25 से 30 लाख की बताई जा रही कीमत

पुलिस के अनुसार जब्त की गई फसल की अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये के बीच आंकी गई है. जिस वन भूमि पर खेती की गई थी वहां आरोपी का परिवार कई सालों से खेती करता आ रहा था. कार्रवाई में तहसीलदार और वन विभाग की टीम भी शामिल रही. वन विभाग कब्जा हटाने की प्रक्रिया शुरू करेगा जबकि पुलिस कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ा रही है.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: भरतपुर के तरबीजपुर गांव में सड़कों की बदहाली, 'कोई इस गांव में अपनी बेटी नहीं ब्याहता'