Rajasthan News: राजस्थान के कोटा शहर के महावीर नगर इलाके में स्थित एक ज्वेलर्स कारखाने से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में मुख्य आरोपी इमरान मलिक और साजिशकर्ता कुरबानी मंडल को गिरफ्तार किया गया है. दोनों आरोपियों को पहले पश्चिम बंगाल पुलिस ने पकड़ा था जिसके बाद कोटा पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर कोटा लेकर आई.
बंगाल से आकर करता था कारीगरी
कोटा पुलिस के अनुसार आरोपी इमरान मलिक पश्चिम बंगाल से कोटा आया था. वह ज्वेलर्स कपिल सोनी के कारखाने में जेवर बनाने का काम कर रहा था. इसी दौरान उसे तिजोरी तक पहुंच का मौका मिला और उसने करीब एक करोड़ रुपये का सोना चोरी कर लिया.
साजिशकर्ता पहले कर चुका था काम
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस चोरी की साजिश पहले से रची गई थी. आरोपी कुरबानी मंडल पहले भी कपिल सोनी के यहां कारीगरी कर चुका था. बाद में बंगाल लौटने पर आर्थिक तंगी के चलते उसने चोरी की योजना बनाई.
योजनाबद्ध तरीके से भेजा गया आरोपी
कुरबानी मंडल ने शेख जहांगीर नाम के कारीगर के जरिए इमरान मलिक को कोटा भेजा. योजना के तहत इमरान को कारखाने में काम दिलवाया गया ताकि उसे अंदर की जानकारी मिल सके. मौका मिलते ही उसने तिजोरी से 796 ग्राम सोना चुराया और फरार हो गया.
ट्रांजिट रिमांड पर कोटा लाई पुलिस
चोरी के बाद आरोपी बंगाल पहुंच गए थे जहां दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार किया. कोटा पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड लेकर दोनों आरोपियों को कोटा लाया है. पुलिस अब चोरी गए सोने की बरामदगी और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
अन्य खुलासों की संभावना
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में और भी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं. मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- आनासागर झील में छलांग लगाकर कांस्टेबल ने बचाई युवती की जान, अजमेर एसपी ने किया सम्मानित