विज्ञापन

Rajasthan: 60 लाख में बिका था भर्ती परीक्षा का पेपर! SOG की पूछताछ में बाबूलाल कटारा ने उगला सच

राजस्थान में कृषि व्याख्याता भर्ती परीक्षा-2022 में पेपर लीक रैकेट का खुलासा हुआ है. एसओजी ने पूर्व आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Rajasthan: 60 लाख में बिका था भर्ती परीक्षा का पेपर! SOG की पूछताछ में बाबूलाल कटारा ने उगला सच
आरपीएससी के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा.

राजस्थान की व्याख्याता कृषि विज्ञान भर्ती परीक्षा-2022 में धांधली का पूरा सच सामने आ गया है. भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के साथ ही फर्जी डिग्री और सर्टिफिकेट के जरिए नौकरी हासिल करने का भी मामला सामने आया है. राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य ने ही पेपर लीक किया था. कटारा को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है. जांच एजेंसी ने शेर सिंह को भी पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किया है. बाबूलाल कटारा ने कथित तौर पर शेर सिंह को 60 लाख रुपये में पेपर बेचा था. मामला सिर्फ पेपर लीक मामले की जांच का नहीं है, बल्कि इसमें कटारा से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी खंगाली जा रही है. सूत्रों का कहना है कि मामले में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं. कई नए नाम जांच के दायरे में आ सकते हैं.

गिरफ्तार अभ्यर्थी ने किया खुलासा

इस पूरी कहानी का पर्दाफाश तब हुआ, जब खुद अभ्यर्थी ने आरोप स्वीकार किए. प्रेस कांफ्रेस में एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार अभ्यर्थी अशोक कुमार यादव ने पूछताछ में पेपर लीक की बात कबूल की है. बताया जा रहा है कि बाबूलाल कटारा ने भी आरोपों को स्वीकार कर लिया है. अशोक कुमार यादव पहले भी गिरफ्तार हो चुका है. 

कटारा के बैकग्राउंड की भी होगी जांच

जांच में यह भी सामने आया कि कटारा के रिश्तेदार विजय डामोर को भूगोल और जनरल स्टडीज का पेपर दिलाने की डील भी हुई थी. एजेंसी अब इस बात की भी जांच कर रही है कि बाबूलाल कटारा आखिर आरपीएससी सदस्य कैसे बना. सूत्रों के मुताबिक उसकी नियुक्ति प्रक्रिया, राजनीतिक और प्रशासनिक कनेक्शन समेत पूरे बैकग्राउंड की जांच की जा रही है.

नियुक्ति में नियमों की अनदेखी या प्रभाव का इस्तेमाल?

एसओजी यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या नियुक्ति के दौरान किसी स्तर पर नियमों की अनदेखी हुई थी या प्रभाव का इस्तेमाल किया गया था. जांच एजेंसियां कटारा से जुड़े पुराने मामलों, रिश्तेदारों और पूरे नेटवर्क की जानकारी भी जुटा रही हैं.

यह भी पढ़ेंः 108 एम्बुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से मरीज की मौत, रेफर पर ले जा रहे थे जोधपुर

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close