विज्ञापन
This Article is From Jun 08, 2025

राजस्थान: बजरी डंपर ने सब्जी विक्रेता को कुचला, गुस्साए लोग शव के साथ हाईवे पर बैठे

राजस्थान में ब्यावर जिले के निमाज गांव में रविवार सुबह एक दुखद हादसे में अवैध बजरी से भरे डंपर ने मोटरसाइकिल सवार सब्जी विक्रेता को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना ने ग्रामीणों में आक्रोश फैला दिया है. 

राजस्थान: बजरी डंपर ने सब्जी विक्रेता को कुचला, गुस्साए लोग शव के साथ हाईवे पर बैठे
हादसे के बाद प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण.

Rajasthan News: राजस्थान में ब्यावर जिले के निमाज गांव में रविवार सुबह एक दुखद हादसे ने सभी को झकझोर दिया. जहां अवैध बजरी से भरा एक डंपर मोटरसाइकिल सवार सब्जी विक्रेता मल्लाराम कुमावत को कुचलते हुए निकल गया. 45 वर्षीय मल्लाराम बेरा भोमावता का रहने वाला था. वह निमाज से बर की ओर जा रहा था. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. परिवार वाले उसे निमाज के सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है और वह प्रदर्शन कर रहे हैं.

ग्रामीणों का आक्रोश, सड़क पर प्रदर्शन

हादसे की खबर फैलते ही गुस्साए ग्रामीण और मल्लाराम के रिश्तेदार घटनास्थल पर जमा हो गए. उन्होंने शव को सड़क पर रखकर बर-जयपुर-जोधपुर राजमार्ग पर जाम लगा दिया. प्रदर्शनकारियों ने टेंट लगाकर नारेबाजी की और प्रशासन से मांग की कि मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए. साथ ही डंपर चालक की गिरफ्तारी और अवैध बजरी माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग उठी.

पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई

जैतारण के एसडीएम रवि प्रकाश ने बताया कि प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की है. डंपर, अवैध बजरी और दो जेसीबी मशीनें जब्त कर ली गई हैं. एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है.

स्थानीय लोगों का गंभीर आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध बजरी का कारोबार राजनीतिक संरक्षण में चल रहा है. प्रशासन इसे रोकने में नाकाम रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों को सजा और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, उनका विरोध जारी रहेगा. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प भी हुई.

न्याय की उम्मीद

यह हादसा अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत को उजागर करता है. मल्लाराम के परिवार का दुख और ग्रामीणों का गुस्सा प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: शिकार के जाल में फंसा शिकारी, तेंदुआ को लोगों ने कमरे में किया बंद; वन विभाग ने किया रेस्क्यू

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com