राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बाद अब भजनलाल सरकार के मंत्री ने रगड़ाई शब्द का उपयोग किया है. सोमवार को ब्यावर में सरकार की ओर से लगाए गए ग्रामीण सेवा शिविर में पहुंचे कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने अधिकारियों-कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि 'यदि जनता से पैसे मांगे तो रगड़ कर रख दूंगा. ऐसा सबक सिखाऊंगा, कभी भूलोगे नहीं. जीवन में कहीं नौकरी नहीं कर पाओगे. इस दौरान प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई. मंत्री की मौजूदगी में भी कई अधिकारी कैंप में अनुपस्थित मिले. बांजाकुड़ी गांव में आयोजित शिविर में अधिकारियों के नदारद होने पर मंत्री ने नाराजगी जताई. जनता के बीच भाषण देते हुए मंत्री गहलोत ने चेतावनी दी कि सरकारी काम में किसी प्रकार की कोताई बर्दाश्त नहीं करेंगे. शिविर में अनपुस्थित रहने वाले लापरवाह अधिकारी सस्पेंड होंगे.
DSP के सामने बीट कॉन्स्टेबल को फटकार
मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि अगर अधिकारी ही नदारद रहेंगे तो जनता को लाभ कैसे मिलेगा? राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है. इतना ही नहीं, ब्यावर कलेक्टर कमलराम मीना, पुलिस उपअधीक्षक रमेंद्र सिंह के सामने मंत्री गहलोत इलाके के बीट कांस्टेबल को भी चेतावनी देते हुए दिखे.
लापरवाही पर अधिकारियों को सस्पेंड करने की चेतावनी
मंत्री ने लापरवाह अधिकारियों को चंद मिनटों में सस्पेंड करवाने की बात भी कही. मंत्री ने शिविर में भाषण देते हुए जनता से पूछा कि किसी अधिकारी की शिकायत हो तो बताओ, अभी सस्पेंड करवा दूंगा. मंत्री अविनाश गहलोत ने इस दौरान ब्यावर जिले के बांजाकुड़ी और बलुन्दा गांव में आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. कैंप में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का अवलोकन किया.
जिला कलेक्टर कमलराम मीना से आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली. ग्राम पंचायत बांजाकुड़ी में सरकारी योजना की लाभार्थी संतोष को विधवा पेंशन योजना स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान कर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण प्रस्तुत किया. अन्य लाभार्थियों को भी सर्टिफिकेट प्रदान किए. मंत्री ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है.
यह भी पढे़ं-
बूंदी में ACB ने रिश्वतखोर सचिव को रंगे हाथों पकड़ा, 50 हजार की रिश्वत लेते हुआ ट्रैप