Rajasthan New: प्रतापगढ़ जिले के अरनोद थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चौंकाने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया है. ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत ब्राउन शुगर तस्करी का ऐसा तरीका उजागर हुआ है, जिसे देख और सुनकर आम इंसान ही नहीं, पुलिस भी चौंक गई है. तस्कर ब्राउन शुगर को चप्पलों के अंदर छुपाकर ले जा रहे थे. पुलिस ने करीब 35 लाख रुपये की कीमत का ब्राउन शुगर और केमिकल पाउडर जब्त किया है.
पुलिस के रोकने पर की भागने की कोशिश
थाना अधिकारी शिवलाल ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत नाकाबंदी की जा रही थी. इसी दौरान नोंगावा की ओर से एक मोटरसाइकिल संदिग्ध हालत में आती दिखाई दी. पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया.
पूछताछ के बाद जब उनकी तलाशी ली गई तो शुरुआत में कुछ खास नजर नहीं आया, लेकिन जब पुलिस ने मोटरसाइकिल पर रखी चप्पलों की गहन जांच की तो बड़ा खुलासा हुआ. थानाधिकारी ने बताया कि चप्पलों को काटकर देखा गया तो उनके अंदर ब्राउन शुगर को प्लास्टिक की थैलियों में भरकर बड़ी चालाकी से छुपाया गया था.
जब्त ब्राउन शुगर की बाजार कीमत 35 लाख रुपये
इसके साथ ही ब्राउन शुगर में मिलाने वाला केमिकल पाउडर भी बरामद किया गया. मौके से कुल 115 ग्राम ब्राउन शुगर और 116 ग्राम केमिकल पाउडर जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है. तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है. थानाधिकारी के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ब्राउन शुगर की मात्रा बढ़ाने के लिए उसमें केमिकल पाउडर मिलाते थे.
पहचान से बचने के लिए उसे चप्पलों के अंदर छुपाकर सप्लाई करते थे, ताकि पुलिस को शक न हो. पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम देवल्दी निवासी संजर खान और पडुनी निवासी गजराज दर्जी बताया. दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है.
यह भी पढे़ं-
सॉल्वड पेपर पढ़कर बना JEN, चंद समय में मिला प्रमोशन; अब SOG ने कसा शिकंजा; एक पटवारी भी गिरफ्तार