Rajasthan News: खैरथल के भिवाड़ी के खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को सुबह के समय अचानक तेज धमाका हुआ. इस दौरान फैक्ट्री में 20 से अधिक लोग मौजूद थे. आग लगते ही कुछ मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि 09 लोग अंदर फंस गए. इनमें से 7 लोगों की मौत हो गई, जिनके बाद में कंकाल मिले हैं. कुछ के तो शरीर के अंगों को पॉलीथीन में भरने पड़ गए. गंभीर रूप से झुलसे 2 लोगों को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री ने गारमेंट कंपनी का लाइसेंस लिया था और चुपके से अवैध तरह से इसमें पटाखे बनाए जा रहे थे.
5 मृतक बिहार के रहने वाले
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुमित्रा पारीक ने बताया कि इस घटना में सात लोगों की मौत हुई है. 5 मृतक बिहार के रहने वाले हैं. फैक्ट्री में काम करने वाले बिहार के लोग पास में ही किराए के घरों में रह रहे थे. उधर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भिवाड़ी में फैक्ट्री हादसे में मृतकों के परिजनों का आर्थिक मुआवजे की घोषणा की है. सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि राजस्थान के भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से हुए हादसे में मजदूरों की मौत अत्यंत दुःखद है. हादसे में बिहार के 5 मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रूपए अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है.
रोते-बिलखते मृतकों के परिजन
आग बुझी तो मिले कंकाल बने 7 शव
घटना से जुड़े एक वीडियो में आग लगने से पहले एक जोरदार धमाका होता दिख रहा है. फैक्टरी परिसर से बारूद, पटाखे और पैकिंग बॉक्स मिले हैं. शव बुरी तरह जले हुए थे और कई लोगों के सिर्फ कंकाल मिले. बचाव टीमों ने कई लोगों के बिखरे हुए शरीर के अंगों को पॉलीथीन की थैलियों में इकट्ठा किया. तेज धमाके के साथ कुछ लोग फैक्ट्री से निकल कर भागते हुए नजर आए. स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को मानव कंकाल बने 7 शव बरामद हुए है. फैक्ट्री किसी राजेंद्र नाम के व्यक्ति की है. उसने किसी अन्य व्यक्ति को किराए पर दे रखी थी और वह व्यक्ति चोरी से इसमें दिवाली के पटाखे बनाने का काम कर रहा था.
पटाखे बनाने के दौरान सुबह के समय अचानक केमिकल में ब्लास्ट हो गया और देखते ही देखते तेज धमाके होने लगे और पूरी फैक्ट्री में आग फैल गई. इस दौरान वहां काम करने वाले लोग आग में फंस गए और उनको भगाने का मौका नहीं मिला. इसलिए उनकी मौत हो गई और उनके शव पूरी तरह से जलकर कंकाल बन गए. शव को पास के अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.
घटनास्थल पर पहुंचे वन मंत्री संजय शर्मा
सीएम भजनलाल शर्मा के निर्देश पर वन मंत्री संजय शर्मा को दोपहर बाद मौके पर पहुंचे और प्रभावित फैक्टरी का दौरा किया. संजय शर्मा ने अधिकारियों को विस्तृत जांच करने और भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सभी औद्योगिक इकाइयों की जांच का अभियान चलाने का निर्देश भी दिया. वन मंत्री ने कहा कि भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में सभी औद्योगिक इकाइयों की जांच की जाएगी. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई होगी.
यह भी पढे़ं-