विज्ञापन

घर से साथ में मजदूरी के निकले 4 भाई, काल बन कर आई रोडवेज बस; हादसे में चारों की मौत

राजस्थान के बालोतरा में एक भीषण सड़क हादसे में मजदूरी करने जा रहे चार सगे भाइयों की मौत हो गई. रोडवेज बस और कार की आमने-सामने टक्कर में यह हादसा हुआ है.

घर से साथ में मजदूरी के निकले 4 भाई, काल बन कर आई रोडवेज बस; हादसे में चारों की मौत
बालोतरा में एक भीषण सड़क हादसे में मजदूरी करने जा रहे चार सगे भाइयों की मौत हो गई.

Rajasthan News: राजस्थान में पाटोदी थाना क्षेत्र के परेउ चौराहे पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. मंगलवार को मजदूरी के लिए घर से निकले एक ही परिवार के चार सगे भाइयों की रोडवेज बस की टक्कर से मौत हो गई. इस घटना ने कोडूका गांव में मातम का माहौल पैदा कर दिया है.

एक साथ निकले थे काम पर

कोडूका गांव निवासी भंवराराम मेघवाल के चार पुत्र विशनाराम, जोगाराम, रेखाराम और उदाराम पेशे से भवन निर्माण कारीगर थे. मंगलवार सुबह चारों भाई एक ही कार में सवार होकर कालेवा गांव की ओर मजदूरी करने निकले थे. नियति को कुछ और ही मंजूर था, पाटोदी के पास परेउ चौराहे पर बाड़मेर से आ रही रोडवेज बस ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों भाई अंदर ही फंस गए.

प्रशासन की लापरवाही पर फूटा गुस्सा

घटना की सूचना मिलते ही पचपदरा पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दो भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था. शेष दो भाइयों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी प्राण त्याग दिए.

'चौराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं'

ग्रामीणों का आरोप है कि परेउ चौराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं है और आसपास उगी बबूल की झाड़ियों के कारण वाहनों की आवाजाही स्पष्ट दिखाई नहीं देती है. पूर्व में भी यहां कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं लेकिन सार्वजनिक निर्माण विभाग ने इस ओर कभी ध्यान नहीं दिया. ग्रामीणों की मानें तो अगर चौराहे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होते तो शायद ये चार हंसते-खेलते घर आज उजड़ने से बच जाते. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की गहन जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें- पार्वती नदी में दर्दनाक हादसा, महिला समेत 4 की डूबने से मौत; एक को बचाने के चक्कर में चारों नदी में समाए

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close