विज्ञापन

गैंगरेप, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण के लिए मौलवी के पास ले गए...डेढ़ साल तक 3 युवकों के चंगुल में फंसी रही महिला

राजस्थान के किशनगढ़ में एक महिला ने गैंगरेप, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण के लिए दवाब डालने का मामला दर्ज करवाया है. पीड़िता का आरोप है कि उसे डेढ़ साल तक प्रताड़ना झेलनी पड़ी.

गैंगरेप, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण के लिए मौलवी के पास ले गए...डेढ़ साल तक 3 युवकों के चंगुल में फंसी रही महिला
किशनगढ़ के गांधीनगर थाने में गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज.

राजस्थान के किशनगढ़ में एक गैंगरेप पीड़िता ने पुलिस को जो कुछ बताया, वो रौंगटे खड़े कर देने वाला है. महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसे ब्लैकमेल किया गया और बार-बार उसका रेप हुआ. यही नहीं, एक आरोपी ने धर्मांतरण की भी कोशिश की. पीड़िता ने 3 युवकों के खिलाफ शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पड़ोसी ने डेढ़ साल पहले झांसे में लेकर रेप किया. उसके बाद पड़ोसी के दोस्तों ने भी उसके साथ रेप किया और सिलसिला चलता रहा. पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले पड़ोस में रहने वाला युवक उसे बजरंग कॉलोनी स्थित एक मकान में ले गया. वहां उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया गया और वीडियो भी बना लिया गया. युवक लगातार वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था. 

पड़ोसी के दोस्तों ने बनाए अश्लील वीडियो

कुछ दिनों बाद आरोपी उसे दोबारा एक अन्य युवक के पास लेकर गया, जिसने अपना नाम पहले रमेश बताया, लेकिन बाद में खुद को शाहरुख बताया. महिला का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उसे धमकाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाए. महिला लंबे वक्त तक डिप्रेशन में रही और उसने विरोध भी जताया. लेकिन दोनों युवक उसे और उसके पति को मारने की धमकी देते रहे. 

धर्मांतरण के लिए मौलवी ने किया इनकार

महिला ने आरोप लगाया कि 'शाहरुख' नाम के युवक ने धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाया. शाहरुख उसे अजमेर में एक मौलवी के पास ले गया, जहां धर्म परिवर्तन और निकाह की बात की गई, लेकिन मौलवी ने ऐसा करने से मना कर दिया. इसके बाद भी आरोपी और उसका साथी नहीं माने. इसी साल होली के बाद आरोपी शराब के नशे में उसके किराए के मकान पर पहुंचे और साथ चलने का दवाब डालते रहे. जब उसने इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की. चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई.

शाहरुख के बाद इमरान ने भी कई बार किया रेप 

फिर एक दिन आरोपी पीड़िता को जबरन कार में बैठाकर अजमेर ले गए. वहां उसका परिचय कई अन्य लोगों से भी करवाया गया. इसके कुछ समय बाद एक अन्य युवक इमरान ने भी उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. इमरान उसे अलग-अलग स्थानों और होटलों में बुलाकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता रहा. हालांकि, यह सिलसिला नहीं रूका और 13 जून को भी उसे धमकाकर बुलाया गया, जहां उसके साथ मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य किया गया. लंबे वक्त तक प्रताड़ना और रेप के बाद पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी और सुरक्षा की गुहार लगाई.  

एससी-एसटी एक्ट में भी दर्ज हो सकता है केस

गांधीनगर थाना पुलिस ने महिला की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) एवं 64(2)(एम) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. अगर अनुसूचित जाति/जनजाति से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए जाते हैं तो आवश्यक कानूनी धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं. सीओ सिटी आईपीएस अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है. महिला का मेडिकल परीक्षण करवाया जाएगा और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है. 

यह भी पढ़ेंः कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर को थप्पड़ मारने के केस में पांचों आरोपियों को जमानत, यहां पढ़िए जयपुर की लाइव अपडेट 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close