Rajasthan News Updates 15 february 2026: राजस्थान समेत देशभर में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है. चार प्रहर की पूजा और शिवलिंग के जलाभिषेक के साथ विधिवत पूजा होगी. मंदिरों में भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था के साथ ही कई जगह पर मेला भी आयोजित किया गया है. शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ती दिख रही है.
मौसम की बात करें तो अगले 2-3 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है. एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण 17 व 18 फरवरी को राज्य में कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान राजस्थान में मौसम शुष्क रहा. इस दौरान अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 4.5 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, राज्य में आगामी तीन-चार दिन तापमान में आंशिक रूप से बढ़ोतरी होने की संभावना है.
वहीं, साध्वी प्रेम बाईसा की मौत की गुत्थी सुलझ गई है. साध्वी को पहले से अस्थमा होने और सांस क़ी बीमारी थी. पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मेडिकल अधिनियम और निर्धारित कानूनी प्रावधान के तहत क़ी कार्रवाई की जाएगी. हालांकि अभी भी इस बात की जांच होगी कि कंपाउंडर देवी सिंह इंजेक्शन लगाने के लिए अधिकृत था या नहीं. जब प्रेम बाईसा को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी तो उनके पिता वीरमनाथ ने कंपाउंडर देवी सिंह को बुलाकर दो इंजेक्शन लगाए. इसके बाद प्रेम बाईसा की तबीयत ज्यादा खराब हो गई. हालांकि यह जांच का विषय है कि साध्वी की तबीयत क्या इंजेक्शन लगाने से ज्यादा खराब हुई. इस बात की भी पड़ताल जारी है कि कंपाउंडर ने बिना की किसी डॉक्टर के पर्ची के साध्वी को इंजेक्शन लगाया. राजस्थान में आज कई खबरें हैं खास, पढ़िए लाइव ब्लॉग में.
सीएम भजनलाल बोले- ऐतिहासिक जीत
IND vs PAK T20 World Cup 2026: टी20 विश्वकप 2026 के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह से हरा दिया है. इस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारत की जीत को ऐतिहासिक बताया है. उन्होंने कहा कि T20 विश्व कप 2026 में आज टीम इंडिया ने सिर्फ मैच नहीं जीता, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का विश्वास और दिल भी जीत लिया. आपकी हर गेंद में जुनून, हर रन में आत्मविश्वास और हर पल में भारत की शान झलकती रही. यह विजय नई ऊर्जा, नए उत्साह का उदाहरण है.
झोपड़ी में आग लगने से जिंदा जल गए मां-बेटे
राजस्थान के सिरोही जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. आबूरोड रीको थाना क्षेत्र के मावल में एक कच्ची झोपड़ी में आग लगने से मां-बेटे जिंदा जल गए. सीओ गोमाराम, थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह सहित पुलिस टीम मोके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा. जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चा 4 महीने का था.
अजमेर में ट्रेन की चपेट में आने से 4 भैंसों की मौत
अजमेर के चाचियावास रोड स्थित रेलवे ट्रैक पर रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया. रेलवे पुल से गुजर रही पांच भैंसें तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे चार भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई.
1 महीने पहले किडनैप नाबालिग बरामद
सीकर के खाटूश्यामजी सदर थाना पुलिस ने एक माह पहले किडनैप की गई नाबालिग को दस्तयाब कर लिया है. पुलिस घटना में शामिल दुष्कर्म के आरोपी सतवीर वर्मा को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 11 जनवरी को 16 वर्षीय नाबालिग स्कूल में प्रैक्टिकल देने के लिए गई थी. इसके बाद वापस घर नहीं पहुंची.
युवती को ब्लैकमेल कर परिजनों के साथ मारपीट
करौली जिले के एक गांव में दबंगों द्वारा एक युवती को ब्लैकमेल कर परेशान करने और उसके परिवार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है. घायलों का हिंडौन के जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है. समाज में बदनामी होने की डर की वजह से पुलिस कार्रवाई से पीड़ित परिवार बचता रहा.
उदयपुर में पहाड़ियों पर लगी आग
उदयपुर में गर्मी के साथ पहाड़ियों पर आग लगना शुरू हो गई है. शहर के बीच स्थित माछला मगरा पहाड़ी पर आग लग गई. आग की एक तरफ आबादी तो दूसरी तरफ करणी माता मंदिर है. हालांकि आग की लपटे ज्यादा नहीं होने से वन विभाग और फायर स्टेशन निगरानी रखे हुए.
दर्दनाक हादसे में RTO कर्मचारी की मौत
जयपुर में रविवार को दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां पर रिंग रोड हिंगोलिया टोल प्लाज़ा के पास ट्रक की चपेट में आने से RTO के एक कर्मचारी की मौत हो गई है. जानकारी के अनुसार, मृतक कर्मचारी राजाराम ठेके पर RTO में लगा हुआ था.
दूदू में हादसा, डिप्टी सीएम ने दिखाई संवेदनशीलता
जयपुर के दूदू में पडासौली के पास एनएच-48 पर हादसा हो गया. इस दौरान डिप्टी सीएम ने प्रेम चंद बैरवा ने हादसे में घायल गाय के उपचार की व्यवस्था करवाई. उपमुख्यमंत्री ने सबसे पहले वाहन में सवार लोगों की कुशलक्षेम जानी. सभी यात्री सुरक्षित थे. इसके बाद उन्होंने लोगों की मदद से घायल गाय को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर लिटवाया, ताकि अन्य किसी दुर्घटना की आशंका न रहे.
लापता युवका का नहर में मिला शव, थाने के सामने परिजनों का धरना
हनुमानगढ़ में जमीन के रुपए लेने गए लापता युवक का शव मिला है. मृतक 28 वर्षीय रामदास का नाचना के पास नहर में शव मिला. आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने टिब्बी थाने पर धरना देते हुए पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए हैं. सूचना देने के बावजूद टिब्बी पुलिस पर सुनवाई ना करने के आरोप हैं. परिजनों ने 20 दिन पहले युवक की गुमशुदगी मामले में दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी. अब परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी, मृतक परिवार को सरकारी नौकरी देने, दो बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था व मुआवजे की मांग पर अड़ गए हैं. उधर संगरिया थानाधिकारी अमर सिंह लोगों के साथ समझाइश कर रहे हैं.
थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का बयान
राजस्थान में थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बड़ा बयान दिया है. मदन दिलावर ने कहा कि जहां जिस जिले में नियुक्ति है, वहीं पदस्थापन रहेगा. नियमों से बाहर ट्रांसफर हुआ तो सीनियरिटी रद्द होगी. उन्होंने कहा कि पहले नियमों की जानकारी नहीं होने से विवाद हुआ था. अब सख्ती से प्रावधान लागू किए जा रहे हैं. सरकार ने मनमानी तबादलों पर रोक लगाई है. हमारी सरकार में पिछले दिनों 2200 तबादले किए, फिर रोक दिया. उन तबादले वाले शिक्षकों की सीनियरिटी भी रद्द की.
जयपुर में B.Tech स्टूडेंट ने की आत्महत्या
जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना में B.Tech. स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया है. जानकारी के अनुसार, छात्र ने जहर खाकर अपनी जान दे दी है. मृतक के चाचा ने सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया है. बताया जा रहा है कि कुछ अज्ञात लोग अवैध वसूली के लिए उसे टॉर्चर कर रहे थे. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
SMS हॉस्पिटल की इमरजेंसी के पास लगी आग
जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में आग लगने का मामला फिर सामने आया है. इमरजेंसी के पास भामाशाह काउंटर के पास घटना हुई. आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी. गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया. (इनपुट- दीपक चावला)
ओम बिरला बोले- कोटा के प्राचीन शिवालयों का होगा जीर्णोद्धार
कोटा के प्राचीन शिवालयों का होगा जीणोद्धार होगा और उनका संरक्षण किया जाएगा. ताकि कोटा की आध्यात्मिक विरासत को पर्यटकों तक पहुंचा जा सके. इससे धार्मिक टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि कोटा के प्राचीन शिव मंदिरों के संरक्षण के लिए जो भी विकास कार्यों की दरकार है, उनको जल्द पूरा किया जाएगा. महाशिवरात्रि के मौके पर बिरला नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचे और भोलेनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई. (इनपुट- शाकिर अली)
महाशिवरात्रि पर जालोर में निकली शोभायात्रा
कोटा में युवक हत्या
कोटा के नांता पत्थर मंडी में एक मजदूर ने दूसरे मजदूर की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, शराब पीने के बाद रमेश और परमा के बीच मजदूरी के 100 रुपए को लेकर झगड़ा हुआ. विवाद इतना बढ़ा कि परमा ने रमेश पर कारीगरी में काम में ली जाने वाले लोहे की रॉड से हमला कर दिया. सिर में गंभीर चोट लगने से सुरेश बैरवा की मौत हो गई. मृतक सुरेश झालावाड़ के धरनावद का रहने वाला था, जो कोटा के नांता में पत्थर मंडी में काम करता था.
अलवर में करंट से 33 बकरों की मौत
अलवर के मालाखेड़ा उपखंड क्षेत्र के ग्राम मोरेड़ा में हाई वोल्टेज लाइन का तार टूटने से करीब 33 बकरों की मौत हो गई. बस्ती से होकर हाईटेंशन लाइन गुजर रही है. सरपंच इमरान खान ने बताया कि वह सरपंच होते हुए भी कुछ हेल्प नहीं कर पाया है.
सीएम भजनलाल शर्मा ने किया जलाभिषेक
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पत्नी के साथ रविवार को महाशिवरात्रि पर्व पर सीएम निवास में स्थित मां राजराजेश्वरी मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया. (इनपुट- सुशांत पारीक)
कैसे मनाई जा रही महाशिवरात्रि और क्या है अद्भुत शिव मंदिर का इतिहास? जानिए
कोटाः जंगल से सटे आर्मी एरिया में पैंथर का मूवमेंट
कोटा के स्टेशन इलाके में एक बार पैंथर का मूवमेंट हुआ हैं. बीती रात बाइक सवार युवकों ने मोबाईल कैमरे में तस्वीर कैद की. तस्वीर स्टेशन के माला रोड़ आर्मी क्षेत्र की बताई जा रही है. जहां पैंथर एक दीवार पर बैठा नजर आया. रास्ते से गुजरते कई लोग भी पैंथर को देखकर रुके.
बीते 3-4 महीने में इस इलाके में कई बार पैंथर के मूवमेंट की खबरें सामने आई है. आर्मी अधिकारियों की सूचना पर वन विभाग ने पैंथर ट्रैप की कोशिशें भी कीं, लेकिन पैंथर पकड़ा नहीं जा सका. बताया जा रहा कि आर्मी एरिया जंगल से सटा होने के कारण यहां पैंथर का मूवमेंट हो रहा है.
बीएपी सांसद रोत ने खेजड़ी बचाने के लिए उठाई आवाज
वागड़ में आदिवासियों के बीच जल, जंगल और जमीन बचाने की मुहिम के साथ भारत आदिवासी पार्टी ने खेजड़ी बचाने के लिए भी आवाज उठाई है. NDTV से बात करते हुए BAP के सांसद राजकुमार रोत ने कहा कि सरकार को इसके लिए सख्त कानून बनाना चाहिए. साथ ही आदिवासी क्षेत्रों में ज़मीन के कन्वर्जन के मामले पर BAP सांसद ने कहा कि जमीन का आवंटन जिस मकसद के लिए किया जा रहा है, उसका इस्तेमाल उसी उद्देश्य के लिए होना चाहिए. उस पर खनन या प्लाटिंग जैसी गतिविधियां ना हो. (इनपुट- शशि मोहन)
देवसोमनाथ में 5 क्विंटल साबूदाना खिचड़ी का महाप्रसाद चढ़ाया
डूंगरपुर में महाशिवरात्रि पर रविवार को भगवान भोलेनाथ के जयकारे गूंज रहे हैं. देवसोमनाथ, भुवनेश्वर समेत शिव मंदिरों के कपाट खुलते ही भक्तों की भीड़ लग गई. हर-हर महादेव के जयकारे गूंज उठे. भगवान का अभिषेक और फूलों से सजावट की गई है. दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ को देखते हुए रस्सियां बांधी गई है. महादेव के दर्शन के लिए भक्तों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा. देवसोमनाथ में भक्तों के लिए 5 क्विंटल साबूदाना खिचड़ी का प्रसाद बनाया गया है.
चूरूः बिजली चोरी के खिलाफ 85 गांवों में अभियान
चूरू में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया. विद्युत निगम की ओर से 85 गांवों में अभियान चलाया गया. कुल 1432 कनेक्शन काटे गए और 2263 उपभोक्ताओं से 41.50 लाख रुपए की वसूली की गई है. 16 मामलों में VCR भरकर 2.40 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है.
(इनपुट- सलीम अली)
चूरू में नन्हा भोला, शिव के रंग में रंगा
चूरू में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिलेभर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. तड़के सुबह से ही चूरू शहर और आसपास के क्षेत्रों के शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं. हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा. भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित किए. एक नन्हा बच्चा भोले के रंग में दिखा. (इनपुट- गजेंद्र सिंंह)
जालोर में 4 तस्कर गिरफ्तार
जालोर जिले के सायला क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को कामयाबी मिली. एनटीएफ ने 4.211 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम का दूध जब्त किया है. इस कार्रवाई में टीम ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. पवन मुड़ेल, चेतन, अभिषेक और राजूराम को नामजद किया गया है.
राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा जयपुर पहुंचे
राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा जयपुर पहुंचे. एयरपोर्ट पर PCC चीफ गोविंद सिंंह डोटासरा ने स्वागत किया. राजस्थान महिला कांग्रेस के सम्मेलन में शिरकत करेंगे. शाम को नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की बेटी के विवाह समारोह में भी शामिल होंगे.
दिल्ली की CM पहुंची नाथद्वारा, श्रीनाथजी के दर्शन किए
उदयपुर में मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ निजी कार्यक्रम में सम्मिलित होने पहुंची मुख्यमंत्री गुप्ता ने रविवार सुबह नाथद्वारा पहुंच कर प्रभु श्रीनाथजी के श्रृंगार झांकी के दर्शन किए. अधिकारी सुधाकर उपाध्याय ने मंदिर परंपरानुसार उपरना, रजाई ओढ़ाकर और श्रीनाथजी का प्रशाद भेंट किया. रेखा गुप्ता ने कहा कि आज श्रीनाथजी के दर्शन करके अपने आप को सौभाग्यशाली महसूस कर रही हैं. बहुत शांति का अनुभव हुआ. उन्होंने बताया कि राजस्थान त्याग और बलिदान की भूमि है, और दिल्ली में जो राजस्थान के परिवार रहते हैं, उनके साथ जुड़कर काम करेंगी, ऐसा विश्वास दिलाया. (इनपुट- तरुण जोशी)
शिवरात्रि पर चट्टान विराजे स्वयंभू शिवलिंग की होती है विशेष पूजा अर्चना
मेवाड़ की अरावली पर्वतमाला में कई ऐसे प्राचीन और दर्शनीय शिवालय हैं. ऐसा ही एक मेवाड़ का प्रसिद्ध शिवालय हरणी महादेव का है, जो प्राचीन मंदिरों में शुमार है. इस अनोखे मंदिर में किसी इंसान ने महादेव का विग्रह स्थापित नहीं किया. मान्यता है कि यहां भगवान शिव की प्रतिमा स्वयंभू हैं. हरणी महादेव मंदिर भीलवाड़ा का बहुत ही ऐतिहासिक तीर्थ स्थल है. किवदंती है कि यह स्थान भगवान श्री देवनारायण और साडू माता से जुड़ा हुआ है, ऐसा कहा जाता है कि देवनारायण पुराण के अनुसार, साडू माता को भगवान शंकर ने दर्शन दिए यह स्वयंभू शिवलिंग है. (इनपुट- नवीन जोशी )
बस्सी में दो दिवसीय लक्की मेला शुरू
बस्सी (जयपुर ग्रामीण) स्थित नई नाथ धाम मंदिर में आज से दो दिवसीय लक्की मेला शुरू हो गया. जयपुर रामनिवास बाग से आए कलाकारों ने बाबा भोले नाथ की फूल बंगले से आकर्षक झांकी सजाई. पुजारी प्रहलाद नाथ ने विधि विधान से पूजा कराया. श्रद्धालुओं ने भोले बाबा के जयकार लगाए. सभी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे.
यहां स्थित है शिव की स्वयंभू प्रतिमा
मेवाड़ की अरावली पर्वतमाला में कई ऐसे प्राचीन और दर्शनीय शिवालय स्थित है. ऐसा ही एक प्रसिद्ध शिवालय है- भीलवाड़ा का हरणी महादेव मंदिर. इस अनोखे मंदिर में भगवान शिव की प्रतिमा स्वयंभू है. यहां शिवरात्रि से 3 दिन मेले का आयोजन होता है. हरणी महादेव मंदिर भीलवाड़ा का बहुत ही ऐतिहासिक तीर्थ स्थल माना जाता है. किवदंती है कि यह स्थान भगवान श्री देवनारायण व साडू माता से जुड़ा हुआ है. देवनारायण पुराण के अनुसार, साडू माता को भगवान शंकर ने दर्शन दिए. (इनपुट- नवीन जोशी)
सवाई माधोपुर में पुलिस ने शाम को नाकाबंदी की
महाशिवरात्रि के पर्व पर सवाई माधोपुर शहर में कानून एंव शांति व्यवस्था बनाये रखने को लेकर पुलिस ने शनिवार शाम 6 से रात 11 बजे तक शहर में जगह-जगह A श्रेणी की नाकाबन्दी की. नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों, काली फिल्म चढ़े वाहनों सहित तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों एंव संदिग्ध अवस्था में बेवजह घूमने वालों पर कार्रवाई की. एसआई चंद्र हुसैन ने बताया कि एसपी के निर्देश पर शहर में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई है, और नियमों का उलंघन करने वालो पर कार्रवाई की गई है. (इनपुट- बजरंग सिंह)
करौली में सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद
करौली में भी सुबह से भक्तों की भीड़ दिख रही है. शिव मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं. पुलिस प्रशासन की व्यवस्था भी चाक-चौबंद है. (इनपुट- सागर शर्मा)
रींगस: मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़, सुबह 5 बजे महाआरती
रींगस में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है. प्राचीन मठ मंदिर में सुबह चार बजे से ही भक्तों का तांता लगा है. सुबह 5 बजे महाआरती हुई. भक्त दूध से भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं. (इनपुट- बीएल सरोज)