विज्ञापन
9 minutes ago

Rajasthan Breaking News Today Live: राजस्थान में नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम में फिर से एक बार करवट देखने को मिल सकती है. लेकिन इससे पहले राज्य के पश्चिमी हिस्से बाड़मेर और जैसलमेर जैसे जिलों में फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है. रविवार को जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर, चूरू, नागौर, चित्तौड़गढ़, जालौर, लूणकरणसर, पाली और डूंगरपुर में भी दिन में गर्मी रही. शेखावाटी के क्षेत्रों में अब भी सुबह-शाम सर्दी तेज है.  

राजस्थान विधानसभा में 2 दिन की छुट्टी के बाद आज फिर से सदन में कार्यवाही शुरू होगी. वहीं, बजट पर बहस का आज तीसरा दिन है. सुबह 11 बजे प्रश्नकाल होगा, आज प्रश्नकाल में कुल 47 प्रश्न सूचीबद्ध हैं. कृषि, उद्योग, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, राजस्व, सहकारिता और ऊर्जा विभाग से जुड़े मुद्दों पर सवाल-जवाब प्रस्तावित है. सदन में आज ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर विधायक संदीप शर्मा, कोटा शहर के दौलतगंज, रंगबाड़ी और काला तालाब को संरक्षित और पुनर्जीवित करने का मुद्दा उठाएंगे. लाइव ब्लॉग में पढ़िए पल-पल की ताजा अपडेट

डीग में हादसा, 2 कार पलटी

डीग जिले के कामां-बरसाना मार्ग पर देर रात एक मोड़ पर दो कारें अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. बेकाबू होने के चलते दोनों कारें खाई में एक-दूसरे के ऊपर ही पलट गई. हादसे में कार सवार 4 लोग घायल हो गए. सूचना पाकर तत्कालीन कामां पुलिस मोके पर पहुंचकर घायलों को कामां के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गंभीर हालत में भरतपुर आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया.

जानकारी के अनुसार, यूपी के रहने वाले लोग कार में सवार होकर कामां की तरफ जा रहे थे. परिवार के सदस्य एक विवाह समारोह में हिस्सा लेने जा रहे थे. तभी हादसा हो गया. इसके बाद मौके पर पहुंचे कुछ लोगों जब मदद के लिए आगे आए तो उन्हें भी एक अन्य कार ने टक्कर मार दी. 

(इनपुट- अकरम खान)

रींगस में युवक ने लगाई फांसी

रींगस (सीकर) में 22 वर्षीय युवक रामबीर पुत्र कुंवर सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. युवक अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था. महीनेभर पहले दो जुड़वा बच्चों के जन्म के बाद उसकी पत्नी मायके गई हुई थी. 

आज सुबह जब मां ने जब चाय के लिए जगाया, तो युवक फंदे पर लटका मिला. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों ने बताया कि युवक शांत स्वभाव वाला था और उसका काम भी बहुत अच्छा चल रहा था. पड़ोसी भी सुसाइड की खबर सुनकर हैरान है. (इनपुट- बीएल सरोज)

विधायक ललित यादव विकास कार्यों में अनियमितिता का मुद्दा उठाएंगे

आज विधानसभा में विधायक ललित यादव, खैरथल-तिजारा जिले की मुंडावर पंचायत समिति के ग्राम सोरखा कलां में वर्ष 2020 से जनवरी 2026 के बीच कराए गए विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं का मामला सदन में रखेंगे. इसके अलावा, कई जनहित याचिकाएं भी पेश की जाएंगी. कोटा के बोरखेड़ा क्षेत्र में कच्चे नालों को पक्का करने, बगरू में कनिष्ठ अभियंता कार्यालय को सहायक अभियंता कार्यालय में क्रमोन्नत करने, सिवाना में इनडोर स्टेडियम निर्माण और आहोर में ड्रेनेज व्यवस्था सुधार की मांग सदन में उठेगी. साथ ही शिव क्षेत्र के ग्राम सोलंकिया में पेयजल समस्या का मुद्दा भी चर्चा में रहेगा. (इनपुट- शशिमोहन शर्मा)

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Close