Rajasthan News: मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम भजनलाल शर्मा से मिलने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) पहली बार मुख्यमंत्री आवास सोमवार (16 फरवरी) को पहुंचीं. इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajan Lal Sharma) कई बार वसुंधरा राजे से उनके आवास पर मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन राजे का मुख्यमंत्री निवास पर यह पहला आगमन रहा. ऐसे में वसुंधरा राजे और सीएम भजनलाल शर्मा की मुलाकात की काफी चर्चा हो रही है. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह बैठक पार्टी के भीतर समन्वय और एकजुटता का संदेश देने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रही.
हालांकि सीएम आवास पर बीजेपी नेताओं का भी जमघट था जहां कई बड़े नेता, विधायक और मंत्री मौजूद थे. लेकिन वसुंधरा राजे की उपस्थिति में बीजेपी नेताओं की मीटिंग काफी सुर्खियों में है.
पीएम की सभा को लेकर रणनीति
बताया जा रहा है कि सीएम आवास पर हुई संगठन संवाद बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित सभा को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई. सभा की तैयारियां, संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की भागीदारी और अधिकतम जनसंपर्क की रूपरेखा पर मंथन हुआ. हालांकि इसमें पंचायत चुनाव को लेकर क्या रणनीति बनी यह सामने नहीं आ पाई है.
पीएम की सभा और बूथ मैनेजमेंट पर फोकस
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर बीकानेर संभाग की संगठनात्मक बैठक लेकर आगामी चुनावों और प्रधानमंत्री की सभा को लेकर विस्तृत चर्चा की. बैठक में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और ग्राउंड जीरो से फीडबैक लेने पर विशेष जोर दिया गया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है, बजट प्रभावी है और विकसित राजस्थान हमारा सामूहिक लक्ष्य है. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री की सभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन के हर स्तर पर समन्वय जरूरी है.
ये नेता रहे मौजूद
बैठक में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, धरोहर संरक्षण एवं प्रोत्साहन प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत, विधायक जेठानंद व्यास, अंशुमान सिंह भाटी, देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़ सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे. भाजपा नेता महावीर रांका और मोहन सुराणा भी बैठक में शामिल हुए.
बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी चुनावों की रणनीति और स्थानीय मुद्दों पर फीडबैक लिया गया. बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी ने सड़कों समेत अन्य स्थानीय समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा.
बैठक को बीकानेर संभाग में संगठन को और अधिक सक्रिय करने तथा प्रधानमंत्री की सभा को सफल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार के कामों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाना और बूथ स्तर तक संवाद बढ़ाना प्राथमिकता रहेगी.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में एक और घोटाले की गूंज! किरोड़ीलाल मीणा ने खोला पूरा कच्चा-चिट्ठा